प्रधानमंत्री आवास योजना में समयसीमा बढ़ी, अब 14 अक्टूबर तक जुड़ सकेंगे नए नाम
चंदौली : प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत चल रहे आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 में नए लाभार्थियों को जोड़ने की समय-सीमा अब 14 अक्टूबर 2025 तक कर दी गई है। आयुक्त ग्राम्य विकास, उत्तर प्रदेश की ओर से जारी निर्देश में बताया गया है कि इस अवधि में छूटे हुए पात्र परिवारों का सर्वेक्षण कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
सर्वे से छूटे लोगों को मिलेगा अवसर
योजना के तहत ऐसे कई परिवार थे जो किसी कारणवश सर्वे के दौरान शामिल नहीं हो पाए थे। कई लाभार्थी उस समय घर पर उपलब्ध नहीं थे, जबकि कुछ अन्य वजहों से प्रक्रिया से बाहर रह गए। अब इन सभी को एक और मौका दिया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पात्र व्यक्ति अब घर पर उपलब्ध है, तो उसका डाटा कैप्चर कर लिया जाए।
आज से खोला गया पोर्टल
ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार ने आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 के लिए पोर्टल को आज से खोल दिया है। इसके जरिए ग्राम पंचायतों में पुनः सर्वे का कार्य शुरू होगा। आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि खंड विकास अधिकारी सभी ग्राम पंचायतों में सर्वेयरों के साथ बैठक एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर तुरंत छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का डाटा दर्ज कराना सुनिश्चित करें।
कोई पात्र परिवार न रहे वंचित
आयुक्त ने यह भी सख्त निर्देश दिया है कि बढ़ी हुई समय-सीमा का पूरा लाभ पात्र परिवारों तक पहुँचे। किसी भी सूरत में कोई पात्र लाभार्थी सर्वेक्षण से वंचित न रहे। 14 अक्टूबर तक सभी पंचायतों में सर्वे का काम हर हाल में पूरा कर लिया जाए।
ग्रामीणों में खुशी
समय-सीमा बढ़ने की सूचना मिलते ही ग्रामीण क्षेत्रों में उत्साह देखा जा रहा है। अब उन परिवारों में भी उम्मीद जगी है जो पिछली बार छूट गए थे। उनका कहना है कि सरकार द्वारा समय बढ़ाना एक राहत भरा कदम है, जिससे वास्तविक पात्रों को पक्का घर पाने का अवसर मिलेगा।


















