चंदौली में कांग्रेस का पैदल मार्च, “वोट चोर गद्दी छोड़” के नारों से गूंजा ज़िला मुख्यालय
चंदौली : बृहस्पतिवार को ज़िला कांग्रेस कमेटी चंदौली के तत्वावधान में ज़िलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “वोट चोरी के विरुद्ध, वोट चोर गद्दी छोड़” पैदल मार्च निकाला। यह मार्च कांग्रेस कार्यालय से प्रारंभ होकर नगर भ्रमण करते हुए पंडित कमलापति त्रिपाठी पार्क पहुँचा, जहाँ यह सभा में परिवर्तित हो गया। मार्च के दौरान कार्यकर्ता जोरदार नारे “वोट चोर गद्दी छोड़”, “संविधान बचाओ – लोकतंत्र बचाओ”, “राहुल गांधी ज़िंदाबाद” आदि लागते हुए आगे बढ़ रहे थे। पूरे नगर में कांग्रेसियों का हुजूम देखते ही बन रहा था।
भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप
सभा को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं एआईसीसी सदस्य देवेन्द्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि भाजपा ने केंद्र की सत्ता “जनता के भरोसे से नहीं बल्कि वोट चोरी करके” हासिल की है। उन्होंने कहा “भाजपा सरकार पूरे देश का विश्वास खो चुकी है। झूठे वादों और फर्जी आंकड़ों के सहारे सत्ता पर काबिज हुई भाजपा की नीति और नियत अब जनता पहचान चुकी है। संवैधानिक संस्थाओं का गलत इस्तेमाल कर, जाति-धर्म के नाम पर लोगों को बाँटकर और वोट चोरी कर भाजपा चुनाव जीत रही है। मगर अब कांग्रेस और राहुल गांधी ने पूरे देश में इनके कारनामों का सबूतों सहित पर्दाफाश कर दिया है।”
बिहार चुनाव का भी ज़िक्र
इस मौके पर कांग्रेस के चंदौली संयोजक कमलेश ओझा ने कहा कि बिहार चुनाव में भी भाजपा की “वोट चोरी” की साज़िश सामने आ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “कांग्रेस पार्टी बिहार में भाजपा की इस काली करतूत को उजागर करेगी और वोट चोरी नहीं होने देगी। जनता के हर एक वोट की रक्षा हमारी जिम्मेदारी है।”
ज़िला कांग्रेस की अगली रणनीति
सभा को संबोधित करते हुए ज़िलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस पार्टी पूरे जनपद में ज़िला, ब्लॉक, मंडल, न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक हस्ताक्षर अभियान चलाकर जनता को वोट चोरी के खिलाफ जागरूक करेगी। एक-एक वोट की रक्षा की जाएगी। हम सब अपने नेता राहुल गांधी के हाथों को मज़बूत करने और संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्पित हैं। भाजपा लोकतंत्र को खत्म करने पर तुली है, लेकिन कांग्रेस ऐसा होने नहीं देगी।”
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जुटान
इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता मौजूद रहे। प्रमुख रूप से बृजेश गुप्ता, तौफीक खान, गंगा प्रसाद, दिनकर दयाराम पटेल, रामानंद यादव, मुनीर खान, राजेंद्र गौतम, राम मूरत गुप्ता, रजनीकांत पाण्डेय, दशरथ चौहान, उषा यादव, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, प्रताप पाण्डेय, रामविलास पाण्डेय, टुनटुन राय, परमहंस सिंह राजपूत, नवीन पाण्डेय, शिव तपस्या तिवारी, संतोष तिवारी, दिलीप यादव, श्रीकांत पाठक, दीनदयाल विश्वकर्मा सहित सैकड़ों लोग इस पैदल मार्च और सभा में शामिल हुए।
माहौल और संदेश
पूरा कार्यक्रम जनता के वोट की सुरक्षा और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के इर्द-गिर्द केंद्रित रहा। कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि अब जनता भाजपा की चाल को पहचान चुकी है और आने वाले चुनावों में उसे जवाब देगी।


















