मोबिल ड्रमों में छिपाकर हो रही थी गांजा की तस्करी, पुलिस ने पकड़ी 20 लाख की खेप
चंदौली : जिले की मुगलसराय कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक पिकअप से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद किया है। बरामद नशीले पदार्थ की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने दो अंतरराज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उड़ीसा से वाराणसी के लिए गांजे की एक बड़ी खेप भेजी जा रही है। इस पर एसओजी और मुगलसराय थाने की संयुक्त टीम ने चकिया तिराहा के पास वाहनों की चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक पिकअप को रोककर तलाशी ली गई। पिकअप में मोबिल के ड्रम लदे थे। जब पुलिस ने ड्रमों की बारीकी से जांच की, तो उसके अंदर गांजे के पैकेट बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, कुल 60 बंडलों में 61.600 किलोग्राम गांजा छिपाकर ले जाया जा रहा था। गिरफ्तार तस्करों की पहचान बिहार निवासी युवकों के रूप में हुई है। ये लोग लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर नशे की तस्करी के धंधे में शामिल थे।
इस बाबत एडिशनल एसपी अनन्त चंद्रशेखर ने बताया कि बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि तस्कर मोबिल की आड़ में नियमित रूप से गांजा की खेप विभिन्न राज्यों में पहुंचाते थे।
इस कार्रवाई से पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी चोट पहुंचाई है। पकड़े गए दोनों आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है, जिससे इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों की जानकारी जुटाई जा सके।


















