चंदौली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, 5 पिस्टल व मैगजीन बरामद

225

चंदौली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराज्यीय असलहा तस्कर गिरफ्तार, 5 पिस्टल व मैगजीन बरामद

चंदौली : बलुआ थाना पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर सोमवार को हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक अंतरराज्यीय असलहा तस्कर को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से 5 पिस्टल और 5 मैगजीन बरामद हुईं। तस्कर बिहार के कुख्यात हथियार मंडी मुंगेर से यह खेप लेकर भदोही पहुंचाने की फिराक में था।

पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सैदपुर पुल पर एक युवक काले रंग का बैग लेकर खड़ा है, जिसमें बड़ी मात्रा में अवैध हथियार हैं। वह किसी वाहन से आगे जाने की प्रतीक्षा कर रहा है। सूचना मिलते ही बलुआ थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी की। पुलिस को देखकर युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे दबोच लिया।

आरोपी की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू पुत्र सोहराब निवासी फलमंडी, मुंगेर मिलिट्री बाजार (बिहार) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके बैग से पांच 32 बोर की पिस्टल और पांच मैगजीन बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार ये पिस्टल क्वालिटी में बेहतरीन हैं और उन पर ‘Made in US’ लिखा हुआ मिला, लेकिन प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि हथियार वास्तव में मुंगेर की अवैध फैक्ट्रियों में बने हुए हैं।

एडिशनल एसपी का बयान

एडिशनल एसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि आरोपी अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़ा हुआ है। वह मुंगेर से असलहे खरीदकर भदोही समेत पूर्वांचल के कई जिलों में सप्लाई करता था। प्रति पिस्टल वह 25 हजार रुपये में बेचता था, जबकि उसे 3 हजार रुपये प्रति पिस्टल कमीशन के रूप में मिलता था। इस खेप में शामिल दो और अभियुक्तों के नाम एफआईआर में दर्ज किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नियमित चेकिंग के दौरान यह सफलता मिली है और यह गिरफ्तारी असलहा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने में अहम साबित होगी। बरामद किए गए सभी हथियारों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।