नहर में डूबने से किशोर की मौत, सात वर्षीय बालक को ग्रामीणों ने बचाया
चंदौली : बबुरी थाना क्षेत्र के तकिया गांव में शनिवार को उस समय हृदय विदारक घटना घट गई, जब खेलते-खेलते दो मासूम बच्चे नहर में गिर गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों की तत्परता से जहां एक बालक की जान बच गई, वहीं 13 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, तकिया गांव निवासी रितेश (13) और उसका पड़ोसी विकेश (7) शनिवार की दोपहर गांव के पास स्थित नहर किनारे खेल रहे थे। खेल-खेल में दोनों का पैर फिसल गया और वे अचानक नहर में गिर गए। पानी का तेज बहाव होने की वजह से दोनों बच्चे गहराई में चले गए।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह हिम्मत जुटाकर बच्चों को बचाने की कोशिश की। कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीण विकेश को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल हो गए, लेकिन तब तक रितेश पानी में गहराई तक डूब चुका था। ग्रामीणों ने नहर में उतरकर काफी देर तक तलाश की और अंततः उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह दम तोड़ चुका था।
सूचना मिलते ही बबुरी थाने की पुलिस टीम और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दुखद घटना के बाद मृतक रितेश के परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव के लोग भी गमगीन हैं।


















