रामगढ़ में गूंजे बाबा कीनाराम के जयकारे, 426वाँ जन्मोत्सव भव्य श्रद्धा और उत्साह के साथ शुरू
चंदौली : रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में शुक्रवार को बाबा कीनाराम का 426वां जन्मोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ प्रारंभ हुआ। जन्मोत्सव की शुरुआत अलसुबह कांवड़ियों द्वारा किनेश्वर महादेव का जलाभिषेक करके की गई। बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट से कांवड़ में पवित्र गंगा जल लाकर भक्तों ने “बाबा कीनाराम की जय” के गगनभेदी नारों के बीच महादेव का अभिषेक किया।
पूजन, हवन और सोहर गीतों के बीच जन्मोत्सव की शुरुआत
पहले दिन बाबा कीनाराम मठ में ब्राह्मणों द्वारा पूजन-अर्चन और हवन का आयोजन हुआ। जन्मोत्सव के अवसर पर महिला मंडल की रूबी सिंह के नेतृत्व में गांव की महिलाओं ने पारंपरिक सोहर गीत गाए और नृत्य प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय और दूरदराज से आए प्रसिद्ध भजन गायकों मटुक सिंह, मोती तिवारी, सतीश पांडेय और सत्य ब्रत सिंह ने सुंदरकांड और भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं, बाबा कीनाराम इंटर कॉलेज के छात्रों एवं स्थानीय कलाकारों संजय तिवारी, पंकज तिवारी, दीपक यादव, संस्कार बाबू, भैया लाल पाठक, प्रवीन सिंह, सुमन अग्रहरी, गीतांजलि आदि ने शिव तांडव, कव्वाली, गीत-संगीत और नृत्य जैसे मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मेले में उमड़ी हजारों की भीड़
जन्मोत्सव के अवसर पर बाबा कीनाराम मठ परिसर के सामने भव्य मेले का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालु पहुंचे। मेले में मिष्ठान की दुकानें, गुड़हिया जलेबी, पकौड़ी, चाट, खिलौने, झूले, चरखी और महिलाओं के श्रृंगार की वस्तुएं भक्तों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। बच्चों के लिए लगाए गए झूले और चरखी पर दिनभर भारी भीड़ रही।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए एसडीएम कुंदन राज कपूर, क्षेत्राधिकारी स्नेहा तिवारी और बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल की तैनाती की गई। मठ परिसर और मेला क्षेत्र में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। भीड़ नियंत्रण के लिए वाहनों को मठ से एक किलोमीटर दूर पार्क कराया गया।
विधायक ने की पूजा-अर्चना
जन्मोत्सव में सकलडीहा विधायक प्रभुनारायण सिंह यादव ने भी बाबा कीनाराम मठ पहुंचकर दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा “बाबा कीनाराम की ख्याति देश ही नहीं, बल्कि विदेशों तक फैली है। हम सब सौभाग्यशाली हैं कि बाबा की जन्मस्थली के क्षेत्र से जुड़े हैं। आज भी जो श्रद्धा और विश्वास के साथ बाबा के चरणों में प्रार्थना करता है, उसकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।” इस अवसर पर राजीव सिंह मुन्ना, सुभाष यादव सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
विचार गोष्ठी में गूंजे विचार
जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित विचार गोष्ठी में डॉ. मधु सिंह (उदय प्रताप कॉलेज), डॉ. अनिल यादव, डॉ. रामसुधार सिंह, सूर्यनाथ सिंह सहित कई विद्वानों ने बाबा कीनाराम के जीवन, दर्शन और समाज में उनके योगदान पर अपने विचार रखे। गोष्ठी का संचालन लोकनाथ महाविद्यालय के प्रबंधक धनंजय सिंह ने किया।
प्रमुख लोग रहे मौजूद
जन्मोत्सव के आयोजन और व्यवस्थापन में प्रधान व्यवस्थापक अरुण सिंह, मेजर अशोक सिंह, डॉ. राजेंद्र प्रताप सिंह, धनंजय सिंह, प्रधान आशुतोष कुमार सिंह, सूर्यनाथ सिंह, कुलदीप वर्मा, नंदू गुप्ता, दिनेश सोनकर, संतोष सिंह, रितेश पांडेय आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
अगले दिनों के लिए विशेष कार्यक्रम
426वें जन्मोत्सव के तहत आने वाले दिनों में विशेष हवन, भजन संध्या, प्रवचन, कवि सम्मेलन और विशाल भंडारा आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बाबा कीनाराम के आशीर्वाद का लाभ उठाएं।


















