गाजीपुर के देवल गांव में अघोराचार्य बाबा कीनाराम की प्रतिमा का अनावरण, सिद्धार्थ गौतम राम बाबा ने दिया समाजिक एकता का संदेश

195

गाजीपुर के देवल गांव में अघोराचार्य बाबा कीनाराम की प्रतिमा का अनावरण, सिद्धार्थ गौतम राम बाबा ने दिया समाजिक एकता का संदेश

चंदौली/गाजीपुर : वाराणसी क्रीं कुंड अघोर पंथ पीठाधीश्वर सिद्धार्थ गौतम राम बाबा ने शुक्रवार को गाजीपुर जनपद के भदौरा ब्लॉक के देवल गांव में अघोराचार्य बाबा कीनाराम की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम संयोजक अजीत सिंह के साथ प्रतिमा का दर्शन-पूजन कर बाबा कीनाराम के विचारों और शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

समाज के एकता और कल्याण के प्रतीक है बाबा कीनाराम

कार्यक्रम में मौजूद श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सिद्धार्थ गौतम राम बाबा ने कहा कि बाबा कीनाराम जी ने अपने जीवन में समाज में समता, भाईचारे और सेवा की अद्भुत मिसाल पेश की। उन्होंने कहा कि बाबा कीनाराम जी ने अखंड भारत में सामाजिक एकता की अलख जगाई और सदैव दूसरों की भलाई के लिए कार्य किया। अपने जीवन का हर क्षण उन्होंने समाज के कल्याण और कमजोर वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया।

बाबा कीनाराम की परंपरा को आगे बढ़ाने का संकल्प

रामगढ़ (चंदौली) स्थित जन्मस्थली और गाजीपुर के देवल गांव में ननिहाल होने के कारण यह स्थान बाबा कीनाराम की तपस्थली के रूप में भी जाना जाता है। वाराणसी क्रीं कुंड समेत देशभर में फैले कीनाराम मठों और कुटियाओं के पीठाधीश्वर के रूप में सिद्धार्थ गौतम राम बाबा ने बाबा कीनाराम की परंपरा को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई। इस दौरान देवल गांव का माहौल भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन के साथ बाबा कीनाराम के जीवन दर्शन पर चर्चा की।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में विधायक ओम प्रकाश सिंह, पूर्व विधायक सुनीता सिंह, पूर्व विधायक सिंहासन सिंह, कार्यक्रम संयोजक अजीत सिंह, वाराणसी क्रीं कुंड महिला मंडल अध्यक्ष रूबी सिंह, अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।