रामगढ़ पानी टंकी का मोटर जला, कई गाँवों की सप्लाई ठप, जल संकट से लोग बेहाल

12

रामगढ़ पानी टंकी का मोटर जला, कई गाँवों की सप्लाई ठप, जल संकट से लोग बेहाल

चंदौली : चहनियां ब्लॉक क्षेत्र के रामगढ़ पानी टंकी का मोटर कई दिनों पहले जल जाने से आसपास के आधा दर्जन से अधिक गाँवों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। जल निगम की इस लापरवाही से रामगढ़, बैरांठ, दरियापुर, बरिया, महराजगंज सहित अन्य गाँवों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। हालत यह है कि ग्रामीणों को पीने और घरेलू उपयोग के लिए पानी जुटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

गाँवों में टंकी से आपूर्ति न होने के कारण लोगों को हैंडपंप और निजी बोरिंग पर निर्भर होना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में पानी की मांग बढ़ने के साथ ही दिक्कतें और ज्यादा बढ़ गई हैं। कई इलाकों में लोग पानी के लिए दूर-दराज तक जाना पड़ रहा है, वहीं महिलाएँ और बच्चे घंटों लाइन में लगकर हैंडपंप से पानी भरने को मजबूर हैं।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि जल निगम के अधिकारी और कर्मचारी समस्या को लेकर गंभीर नहीं हैं। मोटर जलने के बाद भी समय से मरम्मत न कराना उनकी लापरवाही को दर्शाता है। ग्रामीणों ने विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि जल्द पानी की आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

इस बाबत रामगढ़ पानी टंकी के ऑपरेटर नागेंद्र सिंह मोनू ने बताया कि मोटर जल जाने की सूचना संबंधित अधिकारियों को पहले ही दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मोटर की मरम्मत का काम चल रहा है और आज शाम तक इसे लगाकर देर रात तक पानी की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।

ग्रामीणों को उम्मीद है कि विभाग जल्द ही समस्या का समाधान करेगा, लेकिन लगातार कई दिनों से पानी की किल्लत झेल रहे लोगों का सब्र अब टूटने लगा है।