चहनियां में धूमधाम से हुई मटकी फोड़ प्रतियोगिता, घंटों मशक्कत के बाद चहनियां टीम बनी विजेता

28

चहनियां में धूमधाम से हुई मटकी फोड़ प्रतियोगिता, घंटों मशक्कत के बाद चहनियां टीम बनी विजेता

चंदौली : जन्माष्टमी के पावन अवसर पर चहनियां कस्बा भक्ति और उल्लास से सराबोर रहा। विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी अभिमन्यु चौहान के देखरेख और कार्यक्रम के अध्यक्ष लकी प्रधान के नेतृत्व में भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। परंपरा को जीवंत रखने के उद्देश्य से आयोजित इस प्रतियोगिता ने न केवल युवाओं को अपनी ऊर्जा दिखाने का मौका दिया बल्कि कस्बे में उत्सव का माहौल भी बना दिया।

मटकी फोड़ने के लिए कई टीमों ने जोर-आजमाइश की। आयोजकों ने विजेता टीम को प्रोत्साहन स्वरूप पांच सौ रुपये का नगद इनाम देने की घोषणा की थी। घण्टों चली मशक्कत और टीमों के रोमांचक प्रयासों के बाद अंततः चहनियां की टीम ने मटकी फोड़कर जीत अपने नाम की। विजेता टीम के खिलाड़ियों का लोगों ने जोरदार स्वागत किया।

प्रतियोगिता स्थल पर भक्ति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। देर रात तक डीजे की धुनों पर युवा श्रीकृष्ण भक्ति गीतों पर थिरकते रहे और जन्माष्टमी का उत्सव उल्लासपूर्वक मनाया गया।

आयोजकों ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल युवाओं में ऊर्जा और सामूहिकता की भावना जगाना है, बल्कि भारतीय परंपरा और संस्कृति को जीवित रखना भी है। अभिमन्यु चौहान और लकी प्रधान ने संयुक्त रूप से कहा कि “भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव भारतीय संस्कृति की जीवंत धरोहर है और मटकी फोड़ प्रतियोगिता इसके उत्सव का अहम हिस्सा है। हमारी कोशिश है कि आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा को अपनाएं और इसे आगे बढ़ाएं।”

इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक और युवा मौजूद रहे। इनमें विक्रम सिंह चौहान, प्रशांत, देवानन्द, अभिनव, चन्द्र शेखर, जसवंत यादव, राजवंत, आशुतोष, विपिन, विशाल, श्याम सुंदर, डॉ. अभिजीत, आकाश, आशु यादव सहित अन्य लोग विशेष रूप से उपस्थित रहे।