वाराणसी से साहिबगंज के लिए 300 मीट्रिक टन सीमेंट लेकर रवाना हुआ जलयान

98

वाराणसी से साहिबगंज के लिए 300 मीट्रिक टन सीमेंट लेकर रवाना हुआ जलयान

चंदौली : प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना के तहत अंतर्देशीय जलमार्ग परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में रविवार को एक और अहम कदम बढ़ाया गया। मालवाहक जलयान एम.वी. होमी भाभा को एमएमटी रामनगर, वाराणसी से एमएमटी साहिबगंज, झारखंड के लिए रवाना किया गया। यह जहाज़ अपने साथ 300 मीट्रिक टन बिरला व्हाइट सीमेंट (पुट्टी) लेकर गंगा की धारा पर आगे बढ़ा।

जलयान को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने का शुभारंभ पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय के सचिव टी. के. रामचंदरन, मंडलायुक्त वाराणसी एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार और जिलाधिकारी चंदौली चंद्रमोहन गर्ग ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर सचिव व मंडलायुक्त ने पोर्ट परिसर में आम का पौधा रोपकर हरित पहल का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम में भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे और जलमार्ग परिवहन के नए युग के साक्षी बने।

गति शक्ति योजना से जुड़ेगा विकास का नया अध्याय

प्रधानमंत्री गति शक्ति योजना, जिसे राष्ट्रीय मास्टर प्लान भी कहा जाता है, देश में बुनियादी ढांचे के समग्र विकास और मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने का महत्वाकांक्षी प्रयास है। इस योजना के तहत विभिन्न मंत्रालयों व विभागों को एकीकृत कर परियोजनाओं की योजना, कार्यान्वयन और निगरानी को सरल व प्रभावी बनाया जा रहा है।

जलमार्ग परिवहन का सस्ता व पर्यावरण अनुकूल विकल्प

विशेषज्ञों का मानना है कि गंगा पर मालवाहक जहाज़ों की आवाजाही बढ़ने से सड़क और रेल पर दबाव कम होगा तथा परिवहन लागत घटेगी। जलमार्ग परिवहन पर्यावरण की दृष्टि से भी लाभकारी है और इससे पूर्वी भारत में व्यापारिक अवसरों का विस्तार होगा।

वाराणसी से साहिबगंज तक सीमेंट की यह खेप केवल माल ढुलाई का साधन ही नहीं, बल्कि आर्थिक विकास और कनेक्टिविटी की नई राह खोलने वाला कदम भी है।