चंदौली में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण और पौधारोपण

148

चंदौली में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण और पौधारोपण

चंदौली : आजादी के अमृत महोत्सव के तहत चंदौली जनपद में 78वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। जिले के सरकारी-गैर सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों में तिरंगा फहराकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। जगह-जगह सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद किया गया।

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा

मुख्य समारोह कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया और देश की अखंडता व विकास के लिए संकल्प लिया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को माला, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

जिलाधिकारी ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

समारोह के दौरान उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और अधिकारियों संग कलेक्ट्रेट परिसर में आम का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा, “पर्यावरण की सुरक्षा हर नागरिक की जिम्मेदारी है, छोटे-छोटे प्रयास बड़े बदलाव ला सकते हैं।” साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए राष्ट्र के विकास में योगदान दे सकता है।

जिलाधिकारी का आह्वान – उत्कृष्ट कार्य से रोशन करें जिले का नाम

जिलाधिकारी ने अधिकारियों व कर्मचारियों से जिले का नाम रोशन करने के लिए समयबद्ध और उत्कृष्ट कार्य करने का आह्वान किया। समारोह में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रतन वर्मा, कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन और नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी ने अनुशासन, उत्साह और देशभक्ति के साथ इस ऐतिहासिक दिवस का महत्व साझा किया।