शिक्षा व स्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम, किशोरियों को मिला सेहत और शिक्षा का संदेश
चंदौली : चहनियां क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय सेवढी में बुधवार को संरक्षण फाउंडेशन एवं स्पीड संस्था के संयुक्त तत्वाधान में शिक्षा और स्वास्थ्य विषयक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विशेष रूप से किशोरियों के लिए मासिक धर्म स्वच्छता और स्वास्थ्य के महत्व पर चर्चा की गई, साथ ही छात्र-छात्राओं को पढ़ाई में प्रेरित करने के लिए टिप्स दिए गए।
इस अवसर पर विद्यालय के नन्हे-मुन्नों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इसके बाद संरक्षण फाउंडेशन की निदेशक शिप्रा शर्मा ने कहा, “आज के समय में शिक्षा सबसे बड़ी ताकत है। प्राथमिक विद्यालय से निकलकर ही बच्चे वैज्ञानिक, इंजीनियर और बड़े अधिकारी बनते हैं। इसलिए मेहनत से पढ़ाई करें, लक्ष्य तय करें और आगे बढ़ें।” उन्होंने छात्रों को पढ़ाई के व्यावहारिक टिप्स दिए और किशोरियों को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के तरीकों की विस्तृत जानकारी दी।
स्पीड संस्था के निदेशक अवधेश यादव ने कहा, “सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार महत्वपूर्ण कार्य कर रही है। हमारा लक्ष्य है कि हर घर में शिक्षा पहुंचे और हर व्यक्ति स्वस्थ रहे।” उन्होंने बच्चों से मेहनत से पढ़ने और स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की अपील की, साथ ही दूसरों को भी स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत लक्ष्मणगढ़ गांव में विद्या पांडेय के नेतृत्व में 120 महिलाओं को निःशुल्क सेनेटरी पैड वितरित किए गए और महिलाओं को स्वच्छता व स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर आत्म प्रकाश पाण्डेय, हरिहर पाठक, प्रधानाध्यापक वंश लाल, जगजीवन, सुशील कुमार, नईम अहमद, कमरजहा, अरुण, रविंद्र, राकेश सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।


















