चंदौली में 14 जुलाई को होगा वृहद रोजगार मेला, टाटा मोटर्स सहित कई नामी कंपनियां करेंगी प्रतिभाग
चंदौली : जिले के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर आने वाला है। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, रेवसा, चंदौली में आगामी 14 जुलाई को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें टाटा मोटर्स, एसबीआई लाइफ, एसआईएस सिक्योरिटी, विजन इंडिया सर्विसेज प्रा. लि. जैसी देश की नामी कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक, उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन ने जानकारी दी कि यह मेला मिशन निदेशक के निर्देश एवं मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साईं के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन विश्व युवा कौशल दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई एवं जिला सेवायोजन कार्यालय चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है।
रोजगार मेले की खास बातें
● मेले में ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों माध्यमों से प्रतिभाग किया जा सकता है।
● 10 से अधिक कंपनियां विभिन्न पदों के लिए चयन करेंगी।
● चयन की प्रक्रिया प्रत्यक्ष साक्षात्कार के आधार पर की जाएगी।
● मेले में हाईस्कूल, आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक व स्नातकोत्तर योग्यता रखने वाले 18 से 40 वर्ष आयु के अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं।
15 जुलाई को कौशल प्रदर्शनी भी
रोजगार मेले के अगले दिन 15 जुलाई 2025 को विश्व युवा कौशल दिवस के अवसर पर संस्थान परिसर में कौशल प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा।
अभ्यर्थियों के लिए दिशा-निर्देश
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले सभी युवाओं से अनुरोध है कि वे प्रातः 9:30 बजे आयोजन स्थल पर पहुंचें तथा अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों की मूल एवं छायाप्रति, बायोडाटा तथा चार पासपोर्ट साइज फोटो अपने साथ अनिवार्य रूप से लाएं।
यह मेला जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने की दिशा में एक सराहनीय पहल है और युवाओं को इससे अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।


















