सड़क हादसों पर लगेगा ब्रेक, चंदौली पुलिस का विशेष चेकिंग अभियान, 72 वाहनों का चालान
चंदौली : जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर चंदौली पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में रविवार को विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन क्षेत्राधिकारी यातायात कृष्णमुरारी शर्मा के पर्यवेक्षण में, और यातायात प्रभारी सत्यप्रकाश यादव के नेतृत्व में किया गया।
अभियान के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वाहन चेकिंग की गई, जिसमें नियमों का उल्लंघन करने वाले 72 वाहन चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की गई। इनमें बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 10, गलत दिशा में भारी वाहन ले जाने वाले 13 तथा नो पार्किंग में वाहन खड़ा करने वाले 36 वाहन चालक शामिल रहे।
पुलिस ने दी यातायात नियमों की जानकारी
चेकिंग के साथ-साथ पुलिस ने आमजन को जागरूक करते हुए वाहन चलाते समय सुरक्षा उपायों के पालन की अपील की। यातायात कर्मियों ने लोगों को बताया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं, ओवरलोडिंग से बचें, नाबालिगों को वाहन न दें, और सीट बेल्ट व हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।
एसपी बोले – ‘सड़क सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी’
पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने कहा कि, “सड़क सुरक्षा केवल कानून का विषय नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। नियमों का पालन करके हम न केवल अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी बचा सकते हैं।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले में इस तरह के सघन चेकिंग एवं जागरूकता अभियान आगे भी नियमित रूप से चलते रहेंगे, ताकि सड़क हादसों में कमी लाई जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।


















