ट्रक वसूली मामले में वांछित आरोपी रमेश यादव गिरफ्तार, सकलडीहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
चंदौली : ट्रकों से अवैध वसूली के गम्भीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सकलडीहा पुलिस ने बुधवार सुबह वांछित आरोपी रमेश यादव को धर दबोचा। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनंत चन्द्रशेखर (आईपीएस) और क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज के कुशल पर्यवेक्षण में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश यादव पुत्र बलवन्त यादव, निवासी ग्राम नरायनपुर, थाना सैयदराजा (चंदौली) के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे सकलडीहा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह था पूरा मामला
17 जून की रात ट्रक मालिक बृजेश यादव, निवासी दवोपुर, सैदपुर (जनपद गाजीपुर), की ट्रकें सोनभद्र से गिट्टी लादकर गाजीपुर जा रही थीं। आरोप है कि जैसे ही ट्रकें सकलडीहा तिराहा पार कर धानापुर रोड की ओर बढ़ीं, तभी आरोपी रमेश यादव ने खनन अधिकारी गुलशन कुमार और उनके स्टाफ की मिलीभगत से ट्रक चालकों को रोका और अवैध धन वसूली का प्रयास किया।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित ने सकलडीहा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी के आदेश पर खनन अधिकारी समेत अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया था।
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 99/2025, धारा 308(2) बीएनएस और धारा 8 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम की सक्रियता सराहनीय
इस अहम गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक वरुणेन्द्र राय और कांस्टेबल रोहित कुमार शामिल रहे। टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई, जिससे इस संवेदनशील मामले में न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया गया है।
प्रशासन सख्त, आगे होगी गहन जांच
प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस नीति’ के तहत कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी से यह संदेश स्पष्ट हो गया है कि कानून से ऊपर कोई नहीं। अब इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के बाद अन्य दोषियों पर भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।


















