लो वोल्टेज की समस्या को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, समाधान न होने पर सड़क जाम की चेतावनी

101

लो वोल्टेज की समस्या को लेकर ग्रामीणों का हंगामा, समाधान न होने पर सड़क जाम की चेतावनी

चंदौली : चहनियां क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ गांव के उत्तरी छोर पर स्थित 100 केवीए ट्रांसफार्मर के जल जाने के बाद बिजली आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बीते एक सप्ताह से ग्रामीण लो वोल्टेज की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। शुक्रवार को गांववासियों का धैर्य जवाब दे गया और वे चहनियां स्थित विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जमकर प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना था कि विभाग की लापरवाही से ग्रामीणों को अंधेरे में जीवन बिताना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि रामगढ़ गांव में विगत सप्ताह 100 केवीए का ट्रांसफार्मर जल गया था। ग्रामीणों की शिकायत के बाद तीन दिन बाद विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर तो लगाया गया, लेकिन इसके बाद से ही लो वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हो गई। न तो पंखा चल पा रहा है और न ही फ्रिज या अन्य घरेलू उपकरण। खेती किसानी में उपयोग होने वाले मोटर भी ठप पड़े हैं। बच्चों की पढ़ाई और बुजुर्गों का स्वास्थ्य तक इस समस्या से प्रभावित हो रहा है।

इस गंभीर समस्या को लेकर ग्रामीणों ने शुक्रवार को विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों से तत्काल समाधान की मांग की। ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि शनिवार तक समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वे गुरेरा वाया रामगढ़ मार्ग को जाम कर देंगे।

क्या बोले ग्रामीण

“हम पिछले एक सप्ताह से लगातार विभाग से शिकायत कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। लो वोल्टेज के कारण गांव में अंधेरा पसरा हुआ है। यदि हमारी बात नहीं सुनी गई तो हम सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेंगे।”

इस दौरान प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से गोपाल पांडेय, सुभाष सिंह, ऋषिकेश यादव, चंदन यादव, नवीन सिंह, विनय कुमार सिंह, अशोक पांडेय, पप्पू तिवारी, प्रदीप गुप्ता, अभिषेक पाठक, जयप्रकाश गुप्ता, मखन्चू शर्मा, रजत जायसवाल, लालू, परदेसी, रामकेश प्रजापति, कल्लू शर्मा, शुभम मौर्या, लालू यादव और राहुल पाठक समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि उन्हें गर्मी और अंधेरे से राहत मिल सके।

अब देखना यह होगा कि बिजली विभाग ग्रामीणों की चेतावनी को कितनी गंभीरता से लेता है, या फिर रामगढ़ की सड़कों पर जनआक्रोश फूटेगा।