प्राइवेट ड्राइवर पर फायरिंग व धारदार हथियार से हमला, पुलिस जांच में जुटी
चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के सहेपुर गांव में शनिवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के ही कुछ दबंग युवकों ने प्राइवेट ड्राइवर पवन यादव (32) पर जानलेवा हमला कर दिया। पहले कट्टे से गोली मारी गई, जो उसकी कमर को छूकर निकल गई, इसके बाद धारदार हथियार से वार कर घायल कर दिया गया। मामले में पीड़ित ने बलुआ थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।
पीड़ित पवन यादव पुत्र शोभनाथ यादव, निवासी मड़ई सहेपुर, पेशे से प्राइवेट ड्राइवर हैं। उनका कहना है कि शनिवार रात वह काम से लौटकर घर पहुंचे थे। पत्नी से भोजन मांगा और खटिया पर लेट गए। भोजन में देरी होने पर उन्होंने पत्नी को आवाज लगाई, जिसे बगल के दबंग युवक सुनील यादव, शुभम यादव और ननकू यादव ने अपने खिलाफ समझ लिया। बात बढ़ी और आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते सुनील ने कट्टे से फायर झोंक दिया। पवन ने बचने की कोशिश की, जिससे गोली कमर को छूकर निकल गई। पीछे खड़े अन्य युवकों ने उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया। घटना की सूचना पवन ने तत्काल 112 नंबर पर दी और किसी तरह बलुआ थाने पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई।
पवन ने बताया कि रविवार की सुबह जब वह मेडिकल परीक्षण के लिए निकले तो मारूफपुर चौकी इंचार्ज घर पर आ धमके। न सिर्फ उन्हें फटकारा बल्कि घर में घुसकर तलाशी ली। पूरे दिन कभी चौकी तो कभी घर बुलाकर प्रताड़ित किया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि आरोपी दबंग और पैसे वाले हैं, जिनके दबाव में पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़ित ने चंदौली के पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
इस बाबत सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना से जुड़े सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


















