नेशनल हाईवे – 24 की बदहाली पर भड़के सपा नेता मनोज सिंह डब्लू, लगाए गंभीर आरोप
चंदौली : सैयदराजा-जमानियां मार्ग पर नेशनल हाइवे-24 की बदहाल स्थिति को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने सड़क की मरम्मत कार्य में हो रही लापरवाही और रुकावटों को लेकर न केवल स्थानीय भाजपा विधायक सुशील सिंह पर गंभीर आरोप लगाए, बल्कि यह भी दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में कमीशनखोरी की साजिश छिपी हुई है।
स्थानीय विधायक पर ठेका रुकवाने का लगाया गंभीर आरोप
पूर्व विधायक ने कहा कि 56 किलोमीटर लंबे नेशनल हाइवे-24 के मरम्मत कार्य के लिए 53 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत हुई है और इस परियोजना का ठेका एक गुड़गांव की प्रतिष्ठित कंपनी को मिला है। कंपनी ने मरम्मत कार्य की शुरुआत भी कर दी थी, लेकिन स्थानीय विधायक के इशारे पर उनके समर्थकों द्वारा कंपनी के कर्मचारियों को काम करने से जबरन रोक दिया गया।
तीन महीने से अधूरी सड़क बन रही हादसों की वजह
उन्होंने बताया कि मरम्मत की प्रक्रिया के तहत सड़क की ऊपरी परत मशीनों से हटा दी गई, लेकिन आगे का कार्य रुक जाने से यह सड़क अब खतरनाक और जानलेवा बन चुकी है। खासतौर से बाइक और साइकिल सवारों के लिए यह रास्ता हादसों का सबब बन गया है। पिछले तीन महीनों में सैकड़ों लोग घायल हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन और स्थानीय जनप्रतिनिधि मूकदर्शक बने हुए हैं।

मनोज सिंह डब्लू ने आरोप लगाया कि जब यह मार्ग स्टेट था, तब स्थानीय विधायक के लोगों ने इसका निर्माण कराया था और उन्हें ठेका भी मिला था। लेकिन अब जब यह मार्ग नेशनल हाइवे में तब्दील हो गया है और ठेका अन्य कंपनी को चला गया है, तो कमीशन न मिलने की स्थिति में कार्य को राजनीतिक दबाव के जरिए रुकवा दिया गया है।
15 दिनों में काम शुरू नही हुआ तो सपा करेगी आंदोलन
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 15 दिनों के भीतर सड़क मरम्मत कार्य दोबारा शुरू नहीं हुआ, तो समाजवादी पार्टी इस मुद्दे को लेकर बड़ा जनआंदोलन छेड़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि यदि सड़क पर कोई बड़ा हादसा होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विभागीय अधिकारियों की होगी।
पूर्व विधायक ने कहा कि जिन लोगों ने वोट देकर जनप्रतिनिधियों को चुना, उनका कर्तव्य बनता है कि जनता के हितों की रक्षा की जाए। इस तरह की कमीशन आधारित राजनीति जनता की जान को जोखिम में डाल रही है, जिसे अब समाजवादी पार्टी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि वह इस मुद्दे को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और और सड़क मार्ग एक बार फिर से सुचारू हो सके।


















