चंदौली में भीषण सड़क हादसा, ससुराल जा रहे दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत

792

चंदौली में भीषण सड़क हादसा, ससुराल जा रहे दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत

चंदौली : उत्तर प्रदेश के चंदौली जनपद में सोमवार की देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो सगे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा धरौली पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत हलुआ मड़ई के पास हुआ, जब दोनों भाई बाइक से ससुराल जा रहे थे। तभी एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई।

हादसे में 40 वर्षीय मिथिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका छोटा भाई 35 वर्षीय शावल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से शावल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। दोनों मृतक बिहार राज्य के कैमूर जिले के चांद थाना क्षेत्र के पतेशर गांव निवासी थे। वे रामजन्म राम के पुत्र बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही धरौली पुलिस चौकी इंचार्ज अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर मारने वाला वाहन इतनी तेज गति में था कि कुछ ही क्षणों में वह आंखों से ओझल हो गया।

परिवार में मचा कोहराम

दोनों भाइयों की मौत की खबर जैसे ही उनके गांव पतेशर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। परिवारवालों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई एक पारिवारिक कार्य से ससुराल जा रहे थे, लेकिन रास्ते में यह हादसा काल बनकर सामने आया।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश में जुट गई है। यह हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर लगाम लगाने की जरूरत की ओर इशारा करता है।