एसपी ने बदले कई थानेदार, अपराध नियंत्रण और जनता में तेजी लाने की कवायद
चंदौली : जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने एक बड़ा प्रशासनिक फ़ेरबदल करते हुए कई निरीक्षकों की तैनाती में बदलाव किया है। यह तबादले न केवल विभागीय दक्षता को बढ़ाएंगे, बल्कि जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित निस्तारण और अपराध नियंत्रण की दिशा में भी एक मजबूत कदम साबित होंगे।
इनको मिली जिम्मेदारी

निरीक्षक गगन राज सिंह, जो साइबर थाना प्रभारी थे, अब थाना मुगलसराय के प्रभारी निरीक्षक होंगे। वही निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा, जो अतिरिक्त निरीक्षक के रूप में मुगलसराय थाने में कार्यरत थे, अब थाना बबुरी के प्रभारी निरीक्षक बनाए गए हैं। निरीक्षक विजय बहादुर सिंह, प्रभारी निरीक्षक थाना मुगलसराय, को साइबर थाना प्रभारी बनाया गया है। निरीक्षक मुकेश कुमार तिवारी, जो अब तक थाना बबुरी के प्रभारी थे, अब विवेचना सेल अपराध शाखा में अपनी सेवाएं देंगे।

निरीक्षक सुरेन्द्र कुमार यादव, जो अब तक प्रभारी निरीक्षक यातायात थे, उन्हें प्रभारी जन शिकायत प्रकोष्ठ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। निरीक्षक सत्य प्रकाश यादव, वर्तमान में जन शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी, को अब यातायात व्यवस्था की कमान सौंपी गई है।
पुलिस अधीक्षक का उद्देश्य स्पष्ट
एसपी आदित्य लांग्हे ने कहा कि इन तबादलों का मुख्य उद्देश्य जिले में पुलिसिंग को और अधिक प्रभावी बनाना, जवाबदेही बढ़ाना और आम जनता को बेहतर सेवा देना है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में जिम्मेदारियों का कुशलता से निर्वहन करते हुए जनहित में कार्य करेंगे।


















