पुलिया निर्माण में गड़बड़ी पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, सड़क कार्य पर लगाई रोक
चंदौली : जिले के चहनियां क्षेत्र के ग्रामीणों ने जनहित की आवाज उठाते हुए सड़क निर्माण कार्य में अनियमितताओं के खिलाफ बड़ा कदम उठाया। गुरेरा से रामगढ़ होते हुए नादी और बूढ़ेपुर धानापुर तक निर्माणाधीन टू लेन सड़क के एक हिस्से में पुलिया का निर्माण नहीं कराए जाने से नाराज ग्रामीणों ने कार्य को बीच में ही रुकवा दिया।
पुराने पुलिया की मरम्मत में अनियमितता से ग्रामीण नाराज
ग्रामवासियों का आरोप था कि पुराने पुलिया की मरम्मत और नए पुल के निर्माण में भारी अनियमितता बरती जा रही है। ग्रामीणों का कहना था कि यह कार्य मानकों के अनुसार नहीं हो रहा और यदि समय रहते सही निर्माण नहीं कराया गया, तो आने वाले समय में यह सड़क और पुल क्षेत्र के लोगों के लिए खतरा बन सकता है।
लोक निर्माण विभाग के AE शैलेंद्र सिंह ने किया मौके का निरीक्षण
इस जन आक्रोश को देखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) के असिस्टेंट इंजीनियर (AE) शैलेन्द्र सिंह मौके पर पहुंचे और पूरे मामले का मौका मुआयना किया। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि पुलिया का निर्माण पूरी तरह मानकों के अनुरूप कराया जाएगा और कोई भी कार्य नियमों के विपरीत नहीं होगा। AE शैलेन्द्र सिंह के आश्वासन के बाद स्थानीय लोगों ने कार्य फिर से शुरू होने दिया।
सुभाष सिंह फौजी ने उठाई आवाज
समाजसेवी सुभाष सिंह फौजी ने बताया कि यदि आगे भी कार्य में कोई अनियमितता पाई गई, तो ग्रामवासी फिर से सड़क कार्य को रोक देंगे और उच्चाधिकारियों से शिकायत करेंगे। उनका कहना है कि जनता का पैसा जनता की भलाई के लिए है और उसके उपयोग में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान उपस्थित लोगों में मुख्य रूप से राजकुमार सिंह, रामसेवक यादव, पिंटू यादव, रामवतार पाण्डेय, सुभाष सिंह फौजी, संतोष सिंह, गोपाल पाण्डेय, नागेंद्र सिंह, धर्मेंद्र यादव, सुभाष यादव, मैनू सिंह, शिवदत्त पांडे और सतीश प्रजापति आदि शामिल थे।
गांववालों के इस जागरूक कदम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि यदि जनता संगठित होकर आवाज उठाए, तो प्रशासन को भी जवाब देना पड़ता है। अब देखना यह होगा कि पुलिया और सड़क निर्माण में दिए गए आश्वासन कितने सच्चे साबित होते हैं।


















