चंदौली पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 15 गोवंश मुक्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

80

चंदौली पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक, 15 गोवंश मुक्त, 3 तस्कर गिरफ्तार

चंदौली : जनपद में गौ तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चंदौली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सैयदराजा थाना क्षेत्र की पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए गौ तस्करों के एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस दौरान एक ट्रक से तस्करी के लिए ले जाए जा रहे 15 गोवंशों को मुक्त कराया गया, जबकि तीन शातिर तस्कर मौके से गिरफ्तार किए गए। इस कार्रवाई को पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक के रूप में देखा जा रहा है, जिसने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया।

मुखबिर की सूचना पर हुई बड़ी कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक अनंत चंद्रशेखर एवं क्षेत्राधिकारी राजेश राय के पर्यवेक्षण में अंजाम दी गई। प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वर प्रसाद पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद और पुलिस टीम ने एनएच-2 हाईवे के ग्राम बरठी कमरौर के पास ट्रक संख्या UP 61 T 0285 को घेराबंदी कर रोका। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें त्रिपाल के नीचे छिपाकर रखे गए 15 गोवंश (गायें) बरामद किए गए।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान

मौके से पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रेम रोशन पुत्र रामाश्रय राम, निवासी बराहीपुर, थाना चौबेपुर, वाराणसी, साजन कुमार पुत्र छेदी चौहान, निवासी उकथी, थाना चौबेपुर, वाराणसी, शुभम यादव पुत्र बाबूराम यादव, निवासी जाल्हुपुर, थाना चौबेपुर, वाराणसी के रूप में हुई। इनके पास से ट्रक वाहन, 15 गोवंश, एक वीवो कंपनी का एंड्रॉइड मोबाइल और 1000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

कानूनी कार्रवाई और आगे की जांच

पुलिस ने इस मामले में गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत सैयदराजा थाने में अभियोग पंजीकृत किया है। साथ ही गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वर प्रसाद पांडेय, उप निरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार, कांस्टेबल अनंत राय और कांस्टेबल शंकर राम की भूमिका सराहनीय रही।

सजग और सक्रिय चंदौली पुलिस

यह सफलता चंदौली पुलिस की तत्परता और कानून व्यवस्था के प्रति प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। जनपद में गौ तस्करी जैसे अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है, जिससे असामाजिक तत्वों में खौफ और आमजन में भरोसा कायम हो रहा है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध के लिए कोई जगह नही है।