शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं का संघर्ष जारी, प्रशासन से की अनुमति रद्द करने की मांग

30

शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं का संघर्ष जारी, प्रशासन से की अनुमति रद्द करने की मांग

चंदौली : जिले में शराब की दुकानों के खिलाफ महिलाओं का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। बड़ी संख्या में महिलाएं पीडीडीयू नगर के चतुर्भुजपुर मार्ग और शाहकुटी मार्ग पर धरने पर बैठी हुई हैं। तपती धूप में भी महिलाएं अपनी मांगों को लेकर अडिग हैं और प्रशासन से शराब की दुकानों की अनुमति रद्द करने की मांग कर रही हैं।

इलाके के माहौल पर चिंता

प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना है कि इन दुकानों के खुलने से इलाके का माहौल खराब होगा, जिससे विशेष रूप से युवा और परिवारों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। महिलाओं ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनकी मांगों को तत्काल प्रभाव से माना जाए और शराब की दुकानों की अनुमति निरस्त की जाए।

पुलिस बल की तैनाती

पीडीडीयू नगर के दो प्रमुख स्थानों पर यह विरोध प्रदर्शन हो रहा है। महिलाओं के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती की है।

आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द अमल नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। महिलाओं का कहना है कि यह सिर्फ उनके अधिकारों की लड़ाई नहीं, बल्कि उनके परिवार और समाज की सुरक्षा का भी मुद्दा है। वे अपने क्षेत्र में किसी भी हालत में शराब की बिक्री को स्वीकार नहीं करेंगी।

स्थानीय प्रशासन द्वारा इस मामले में विचार किया जा रहा है साथ ही महिला प्रदर्शनकारियों के साथ संवाद करने का प्रयास किया जा रहा है। वही महिलाओं के लगातार बढ़ते विरोध को देखते हुए यह मामला गंभीर होता जा रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस पर क्या निर्णय लेता है और महिलाओं के आक्रोश को शांत करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।