पत्रकार की हत्या के मामले में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित सौंपा ज्ञापन

147

पत्रकार की हत्या के मामले में अधिवक्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित सौंपा ज्ञापन

चंदौली : उत्तर प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच युवा संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने सीतापुर में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया। संगठन के संयोजक एवं अध्यक्ष, सिविल बार चंदौली के उपाध्यक्ष शैलेंद्र पाण्डेय एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उप जिलाधिकारी (एसडीएम) सकलडीहा अनुपम मिश्रा के माध्यम से भेजा गया।

ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदेश में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और यदि सच दिखाने के लिए पत्रकारों की हत्या होती रही तो यह लोकतंत्र के लिए घातक सिद्ध होगा। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि पत्रकार जनता और सरकार के बीच की कड़ी होते हैं, और उनकी हत्या लोकतंत्र की हत्या के समान है।

पत्रकार के परिवार को न्याय और मुआवजे की मांग

ज्ञापन में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई के परिवार को उचित मुआवजा, एक सरकारी नौकरी और सुरक्षा देने की मांग की गई। साथ ही, प्रदेश सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया।

सकलडीहा बार एसोसिएशन के महामंत्री रामराज यादव ने कहा, “पत्रकारों की हत्या लोकतंत्र की हत्या है। सरकार को तत्काल इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए और दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई करनी चाहिए।” एडवोकेट दीक्षा चौबे ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार को जल्द से जल्द परिवार को न्याय दिलाना चाहिए और अपराधियों को सख्त सजा दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए। वहीं, अधिवक्ता रोहित तिवारी ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमे को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की मांग की, ताकि जल्द से जल्द पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी मांग

प्रदेश में लगातार पत्रकारों पर हो रहे हमलों और उनकी हत्या की घटनाओं के चलते पत्रकार संगठनों और समाज के विभिन्न तबकों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस घटना को लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। युवा संघर्ष मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द से जल्द ठोस कदम नहीं उठाती तो वे आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।

ज्ञापन सौंपने में ये लोग रहे शामिल

ज्ञापन सौंपने के दौरान कई वरिष्ठ अधिवक्ताओं और समाजसेवियों की उपस्थिति रही। इनमें प्रमुख रूप से अधिवक्ता दीपक तिवारी, प्रभास तिवारी, रोहित तिवारी, विमलेश पाठक, ईश्वर चंद पाण्डेय, रुद्र पाठक, धनंजय मिश्रा, प्रदीप पाण्डेय साजू, दीक्षा चौबे आदि मौजूद रहे।