दहन से पूर्व ही होलिका में आग लगाने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने की सख्त कार्रवाई
चंदौली : चकरघट्टा थाना क्षेत्र के ग्राम नर्वदापुर में होलिका दहन से पूर्व ही आग लगाने की घटना सामने आई, जिससे इलाके में अशांति का माहौल बन गया। इस घटना को अंजाम देने वाले तीन अराजक तत्वों को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार की किसी भी अराजक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। वही पुलिस ने गांववासियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि सामाजिक सौहार्द बना रहे।
घटना का विवरण
घटना 9 मार्च (रविवार) की रात की है, जब कुछ अराजक तत्वों ने गांव नर्वदापुर में होलिका दहन से पहले ही आग लगा दी। यही नहीं, उन्होंने ग्राम स्थित संत रविदास मंदिर के छप्पर को भी नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया, जिससे क्षेत्र में सांप्रदायिक सौहार्द्र बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और आरोपियों की तलाश में जुट गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए चंदौली के पुलिस अधीक्षक आदित्य लांग्हे ने त्वरित जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनके आदेश पर थानाध्यक्ष चकरघट्टा भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी और उन पर लगे आरोप
गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी रामबली यादव पुत्र विक्रमा यादव, वशिष्ठ यादव पुत्र रामनरेश यादव, सुरेन्द्र यादव पुत्र स्व. लालब्रत यादव ग्राम नर्वदापुर थाना चकरघट्टा जनपद चंदौली के निवासी बताएं गए हैं। इन तीनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 170/126/135 B.N.S.S के तहत मुकदमा पंजीकृत कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
इस पूरी कार्रवाई में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता से काम किया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल विरेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल शशिकांत यादव शामिल रहे।


















