राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने किया ध्वजारोहण, सीएम योगी रहे मौजूद, लखनऊ ने गाया राष्ट्रगान
लखनऊ : देश के 76वें गणतंत्र दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने विधानभवन के परेड ग्राउंड पहुंच कर ध्वजारोहण किया. इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी इस दौरान मौजूद रहे. ध्वजारोहण के दौरान हेलिकॉप्टर से फूलों की बारिश की गई..राज्यपाल के झंडा फहराने के बाद लखनऊ में विशेष राष्ट्रगान कार्यक्रम का आयोजन किया गया. स्वतंत्रता दिवस की तर्ज पर इस बार गणतंत्र दिवस के अवसर पर लखनऊ शहर एक बार फिर एक अनूठी पहल का गवाह बना. पूरे शहर में 52 सेकंड के लिए राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी.
लखनऊ में झंडोत्तोलन के बाद परेड ग्राउंड में गणतंत्र दिवस परेड का आयोजन किया गया. टैंकों से सबसे पहले राज्यपाल को सलामी दी गई. इसके बाद सैन्य और अर्द्धसैनिक बलों की टुकड़ियों ने राज्यपाल को सलामी दी. इस दौरान जवानों की कदमताल ने हर किसी को रोमांचित कर दिया. मार्च पास्ट को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग परेड ग्राउंड में जुटे दिखे. ब्रास बैंड की धुन पर जवानों के कदमताल पर लोगों ने खूब तालियां बजाई.
सीएम ने दी बधाई
सीएम योगी आदित्यनाथ ने 76वें गणतंत्र दिवस की बधाई प्रदेशवासियों को दी है. सोशल मीडिया एक्स पर किए गए पोस्ट में सीएम योगी ने लिखा है कि प्रदेश वासियों को 76वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. यह गौरवशाली पर्व हमारे महान संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और देश के अमर सपूतों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है. आइए, हम सभी संविधान द्वारा प्रदत्त कर्तव्यों के पालन हेतु संकल्पित हों.
लोगों को समझाएंगे गणतंत्र दिवस का महत्व
जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर जैसे ही विधानसभा के सामने राज्यपाल ध्वजारोहण करेंगी, उसके तुरंत बाद पूरे शहर में राष्ट्रगान शुरू होगा. इसके लिए शहर के सभी चौराहों पर रेड सिग्नल दिया जाएगा और पांच मिनट पहले सायरन बजाकर इसकी सूचना दी जाएगी. इसका प्रसारण एलईडी स्क्रीन, पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम और स्मार्ट सिटी क्षेत्र के आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के माध्यम से किया जाएगा. आयोजन के दौरान समन्वय सुनिश्चित करने के लिए हर प्रमुख चौराहे पर एक नोडल पुलिस अधिकारी तैनात किया जाएगा.
इस पहल का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता और गौरव को प्रोत्साहित करना है, जिससे गणतंत्र दिवस का महत्व हर नागरिक महसूस कर सके. 15 अगस्त 2024 को भी लखनऊ में राष्ट्रगान का आयोजन इसी तरह किया गया था. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विधानभवन पर ध्वजारोहण के तुरंत बाद पूरे शहर में राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी थी.
इस बार गणतंत्र दिवस पर इस आयोजन को और भव्यता देने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे राष्ट्रीय गौरव की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके. गणतंत्र दिवस के 76 साल पूरे हो गए हैं. इसको लेकर विशेष तैयारी की गई है. देश में 26 जनवरी 1950 को संविधान अंगीकृत किया गया था. इसे राष्ट्रीय पर्व के रूप में हर साल मनाया जाता है.


















