76वें गणतंत्र दिवस पर भव्य परेड का हुआ आयोजन, विभिन्न विभागों द्वारा भव्य झांकियों का किया गया प्रदर्शन
चंदौली : जिले में 76वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित महेन्द्र टेक्निकल इण्टर कालेज के ग्राउण्ड में जनपदीय पुलिस द्वारा भव्य परेड का आयोजन किया गया. इस अवसर मुख्य अतिथि स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एंव पंजीयन विभाग के राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद मंच से गुजर रही परेड की सलामी ली. वही राज्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को भारत की प्रस्तावना की शपथ दिलाई.

इस दौरान पुलिस कर्मियों के अलग-अलग दलों ने अपने शौर्य और पराक्रम को प्रस्तुत किया. इनमे पैंथर दस्ता, कमांडो दस्ता, यूपी 112, एंटी रोमियो फायर ब्रिगेड, बाल विवाह रोकथाम, स्वच्छता अभियान और महाकुंभ-2025 की तैयारियों से संबंधित झांकियां शामिल थीं. राज्यमंत्री ने इन प्रयासों की सराहना की. कहा कि उत्तर प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में अग्रणी स्थान पर है. दुग्ध, गन्ना, चीनी, सब्जी और तरबूज उत्पादन में प्रदेश का शीर्ष स्थान देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान है.

उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के योगदान को नमन किया. कहा कि हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा ग्रंथ है, जो हर नागरिक को समान अधिकार और जिम्मेदारियां देता है. कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से आयोजन में उत्साह का संचार किया.

इस अवसर पर जिला जज रविन्द्र कुमार सिंह, सीजेएम दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी चन्दौली निखिल टीकाराम फुंडे, पुलीस अधीक्षक आदित्य लांग्हे, विधायक सुशील सिंह, पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन अनिल कुमार यादव, अपर पुलिस अधीक्षक सदर विनय कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी सदर राजेश राय, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा रघुराज, क्षेत्राधिकारी चकिया राजीव सिसोदिया के साथ-साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.


















