देर रात पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़, एक घायल, दो गिरफ्तार

125

देर रात पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़, एक घायल, दो गिरफ्तार

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला इलाके में देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया. जबकि दो अन्य बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है. घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पुलिस की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है.

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ में घायल बदमाश गिरोह बनाकर चन्दौली समेत आसपास के जिलों में चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे. पिछले दिनों बलुआ और चन्दौली में हुई चोरी की घटना में भी शामिल थे. जिसके बाद पुलिस को इनकी सरगर्मी से तलाश थी. इस दौरान मुखबिर की सूचना पर बीती रात बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला गांव के पास बावरिया गिरोह के बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई.

मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश (धारा सिंह निवासी बदायूं) के पैर में गोली लगी, जबकि बाकी बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए. लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 2 फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. घायल बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है. जिला अस्पताल के ईएमओ डॉ चंद्रमणि सिंह ने बताया है पुलिस एक बदमाश को लेकर आई थी. उसके पैर में गोली लगी है. खतरे से बाहर है उसका इलाज किया जा रहा है. वही इस बाबत एसपी चन्दौली अदित्य लांगहे ने बताया की मुठभेड़ में एक बदमाश को गोली लगी है, 2 अन्य गिरफ्तार किए गए हैं. जिले में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल थे. पूछताछ की जा रही है.