पुलिस मुठभेड़ में बावरिया गिरोह का शातिर अपराधी घायल, दो अपराधी गिरफ्तार, मौके से चार अपराधी फरार, कब्जे से भारी मात्रा में कीमती आभूषण बरामद

80

पुलिस मुठभेड़ में बावरिया गिरोह का शातिर अपराधी घायल, दो अपराधी गिरफ्तार, मौके से चार अपराधी फरार, कब्जे से भारी मात्रा में कीमती आभूषण बरामद

चंदौली : जिले में ज्वेलर्स की दुकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले बावरिया गिरोह के शातिर अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी घायल हुआ है. वही दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. बलुआ पुलिस व एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में ये सफलता मिली है. गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में कीमती आभूषण बरामद हुआ है.

एसपी चंदौली आदित्य लांग्हे द्वारा जिले में विगत दिनों घटित घटनाओं के सफल अनावरण हेतु लगातार अपराधियों के गिरफ्तारी हेतु अभियान चलाया जा रहा था. थाना प्रभारी बलुआ डॉ. आशीष कुमार मिश्रा व एसओजी चंदौली के प्रभारी उप निरीक्षक आशीष मिश्र अपनी टीम के साथ सोमवार को चहनियां चौराहे पर मौजूद थे. उसी दौरान सूत्रों से खबर प्राप्त हुई कि बावरिया गिरोह के कुछ लोग किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में डाक बंगला मथेला के दीवार के पास गेंहू के खेत में सड़क किनारे साइकिल के साथ मौजूद हैं. सूचना के आधार पर पुलिस एक्शन मोड में हो गई और तत्काल चौकी प्रभारी कैलावर उप निरीक्षक अनिल यादव, चौकी प्रभारी मारूफपुर उप निरीक्षक तरुण पाण्डेय, मोहरगंज चौकी के उप निरीक्षक अमरनाथ शाहनी डाक बंगला मथेला पहुंचे. जहां दीवार के किनारे कुछ लोग छिपकर बैठे थे. पुलिस टीम को अचानक देख बैठे व्यक्ति भागने लगे.

पुलिस टीम द्वारा आत्मसमर्पण की चेतावनी दिए जाने पर भाग रहे बदमाशों ने उप निरीक्षक अनिल यादव पर जान से मारने की नीयत से असलहे से फायर कर दिया. जिसके बाद पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा जबाबी कार्यवाही में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई और गोली लगने से घायल होकर वही गिर पड़ा. मौके से साइकिल से भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया. जिसमें एक घायल बदमाश की तलाशी के दौरान कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस 315 बोर व 2500 रुपया नगद बरामद हुआ. घायल बदमाश की पहचान धारा सिंह (उम्र 45 वर्ष) पुत्र टिकू उर्फ टीकू जी कावड़िया निवासी भोजपुर थाना कादरचौक जनपद बदायूं के रूप में हुई. वही दो अन्य बदमाशों की पहचान भगीरथ (उम्र 44 वर्ष) पुत्र बालकिशुन निवासी पछड्या बनारसीदास थाना कोतवाली जनपद औरैया व सुनील (उम्र 22 वर्ष) पुत्र बालकिशुन निवासी भोजपुर थाना कादरचौक जनपद बदायूं के रूप में हुई.

इस बाबत सीओ सकलडीहा रघुराज ने बताया कि 21 जनवरी रात्रि को प्रभारी निरीक्षक बलुआ को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि बावरिया गिरोह के कुछ लोग किसी बड़ी चोरी की घटना को अंजाम देने वाले है. जो मथेला डाक बंगले के पास इकट्ठा हुए है. इस सूचना पर थाना बलुआ पुलिस टीम, एसओजी टीम व सर्विलांस की संयुक्त टीम द्वारा बदमाशों की गिरफ्तारी हेतु घेराबन्दी की गई. अचानक बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर अपने अवैध तमंचे से फायर किया गया. जिसमें आत्मरक्षार्थ जबाबी कार्यवाही में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई. वही दो अन्य शातिर बदमाशों को मौके से गिरफ्तार किया गया. अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से चार बदमाश भागने में सफल रहे. घायल अपराधी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है. अभियुक्तों के पास से तीन साइकिल, चार किलो चांदी, चोरी में प्रयुक्त उपकरण, तमंचा, कारतूस व पांच हजार नगद बरामद हुआ है. थाना बलुआ पर अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.