आगामी त्योहारों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, कानून व्यवस्था बनाएं रखने के निर्देश, पढ़े खबर..

78

आगामी त्योहारों को लेकर डीएम ने दिए निर्देश, कानून व्यवस्था बनाएं रखने के निर्देश, पढ़े खबर..

चंदौली : डीएम निखिल टी. फुंडे की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में आगामी त्योहारों के आयोजनों को लेकर अधिकारियों को विशेष निर्देश दिया. इस दौरान उन्होंने स्वच्छता, बेहतर कानून व्यवस्था और पटाखों की दुकानों को आबादी वाले क्षेत्रों से दूर स्थापित करने पर जोर दिया. दीपावली पर्व के मद्देनजर फायर टेंडर और अग्निशमन टीम को सक्रिय रखने, साथ ही पर्व-त्योहारों के समय में पुलिस प्रशासन सहित पूरी टीम को अलर्ट रहने का निर्देश दिया. डीएम ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि त्योहारों के दौरान कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करते रहे, ताकि कानून व्यवस्था में कोई चूक न हो.

स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर निर्देश

डीएम ने डीपीआरओ और ईओ को नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, फॉगिंग, चुना छिड़काव और लाइटिंग व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी. साथ ही छठ पूजा के अवसर पर घाटों पर बैरिकेडिंग, लाइटिंग, चेंजिग रूम, नाव एवं गोताखोर की व्यवस्था पूर्व में ही कर लेने का निर्देश दिया. इसके साथ ही अधिशासी अभियंता विद्युत को निर्देश दिया कि जनपद में विद्युत सप्लाई की पर्याप्त व्यवस्था रहे तथा खराब ट्रांसफार्मर को प्रत्येक दशा में 48 घंटे में बदल जाए. साथ ही आबकारी अधिकारी को शराब की दुकानों पर निरंतर निगरानी रखने के लिए कहा गया. डीएम ने चेताया कि अगर सेल्समैनों द्वारा ओवर रेटिंग का मामला सामने आया तो सम्बंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश

डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को हाई अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया. उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जनपद में एंबुलेंस सेवा दुरुस्त रखते हुए समस्त सीएससी व पीएससी को सक्रिय रखने का निर्देश दिया. साथ ही जिला पशु चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि गोवर्धन पूजा के दिन जनपद के सभी गौ-आश्रय स्थलों में गौ माता का पूजन किया जाए.

यातायात व्यवस्था बनाएं रखने के निर्देश

डीएम ने समस्त उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम हो, हर बाजार में सुचारू ट्रैफिक प्लान बनाएं. साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया. वही सभी अधिकारियों को अपने-अपने कार्यालय में बैठकर जनता दर्शन कर उनकी समस्या को सुनकर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने एवं शिकायतकर्ता से पूछताछ कर ही संतुष्टि के उपरांत निस्तारण करने का निर्देश दिया.

ये लोग रहे मौजूद

इस दौरान बैठक में एडीएम सुरेंद्र सिंह, सीडीओ एस.एन. श्रीवास्तव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हर्षिका सिंह, एसडीएम अनुपम मिश्रा, एसडीएम दिव्या ओझा, एएसपी अनिल यादव, एएसपी विनय कुमार सिंह, सीएमओ डॉ वाईके राय, डीपीआरओ नीरज सिंहा, सीओ राजेश राय, सीओ रघुराज सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.