डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

158

डंपर की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

चंदौली : सदर कोतवाली क्षेत्र के पिपरपतिया गांव के समीप डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई. जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंच गई. घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया. वही मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया.

जानकारी के अनुसार शहाबगंज थाना क्षेत्र के गोपई परासी कलां गांव निवासी संपूर्णानंद तिवारी चंदौली नगर स्थित गंगा रोड पर अपना मकान बनाकर रहते है. उनका 20 वर्षीय पुत्र अभिषेक उर्फ आयुष अपने चचेरे भाई रुद्र तिवारी उम्र 15 वर्ष के साथ बाइक से गोपई से चंदौली आ रहा था. जैसे ही दोनों पिपरपतिया गांव के समीप पहुंचे ही थे कि पीछे से आ रही तेज रफ्तार डंपर ने चंदौली वाया चकिया मार्ग पर उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दिया और मौके से फरार हो गया. घटना में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए. वही घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई. सूचना पाकर मौकेपर पुलिस पहुंची और तत्काल घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया. जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान अभिषेक उर्फ आयुष को मृत घोषित कर दिया.

इस बाबत सदर कोतवाल गगन राज सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत ही गई है, और दूसरा घायल है. जिसका इलाज चल रहा है. मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.