DDU स्टेशन पर GRP को मिली बड़ी सफलता, 10 लाख रुपये के आभूषण के साथ संदिग्ध गिरफ्तार
चंदौली : दिल्ली-कोलकाता के बीच सबसे बड़े और व्यस्त स्टेशनों में शुमार पंडित दीनदयाल स्टेशन पर जीआरपी ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक के पास से 10 किलो० 300 ग्राम चांदी के आभूषण को बरामद किया है. बरामद चांदी के आभूषण की अनुमानित कीमत 10 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है. पकड़ा गया आरोपी आशीष विस्वास पश्चिम बंगाल के राना घाट थाना धनतला जिला नदिया का रहने वाला है. बहरहाल जीआरपी पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है.

पकड़े गए आरोपी आशीष विश्वास से जब जीआरपी द्वारा आभूषण के बारे में पूछताछ की गई तो उसने बताया कि इन चांदी के चैन को मैं अपने घर पश्चिम बंगाल से आगरा लेकर जा रहा था. कहा कि मेरे घर में ज्वेलर्स का काम होता है. जीआरपी के अनुसार चांदी के चैन को ले जाने के संबंध में कागजात मांगे गए तो आरोपी युवक द्वारा कोई भी कागजात प्रस्तुत नही किया गया और न ही कोई संतोषजनक जबाब दे पाया. जिस पर बरामद हुए चांदी के चैन के बारे में आयकर विभाग वाराणसी को विधि कार्रवाई हेतु उचित माध्यम से सूचित किया गया. वहीं सूचना पाकर आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए संदिग्ध व्यक्ति आशीष विश्वास और बरामद चांदी के चैन के संबंध में आयकर टीम द्वारा कार्रवाई की जा रही है.
वही इस पुरे मामले पर जीआरपी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि आज प्लेटफॉर्म संख्या 5/6 पर चेकिंग की जा रही थी. एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था मे मिला. उसको रोक कर चेक किया गया तो उसके पास से 10 किलो० 300 ग्राम चांदी की ज्वैलरी मिली है. इस संबंध में आयकर विभाग को सूचना दे दी गई थी. वह लोग आ गए है और अपनी विधिक कार्रवाई कर रहे है. यह चांदी के आभूषण की खेप को लेकर पश्चिम बंगाल से आगरा जा रहा था जो ट्रेन बदलने के चक्कर में पकड़ा गया.


















