चकिया के आर्यन विश्वकर्मा ने नवोदय में लहराया परचम, 92.5% अंक के साथ जिले में 82वीं रैंक
चंदौली : विकासखंड चकिया के प्राथमिक विद्यालय नौडीहा के मेधावी छात्र आर्यन विश्वकर्मा ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी सफलता हासिल करते हुए पूरे जनपद का नाम रोशन किया है। आर्यन ने 92.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अति प्रतिष्ठित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा में कक्षा 6 के लिए चयन सुनिश्चित किया और जिले में 82वीं रैंक हासिल की।
आर्यन की इस शानदार उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे विद्यालय और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनकी सफलता पर ब्लॉक संसाधन केंद्र चकिया में एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल ने आर्यन को माला पहनाकर सम्मानित किया और मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल ने कहा कि यह उपलब्धि पूरे चकिया क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों के छात्र भी अब अपनी प्रतिभा के दम पर बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर रहे हैं, जो शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित अध्यक्ष अजय गुप्ता ने कहा कि प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों की इस प्रकार की सफलता के पीछे शिक्षकों की कड़ी मेहनत, मार्गदर्शन और समर्पण की अहम भूमिका है। उन्होंने शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे भी किसी से कम नहीं हैं।
अपनी सफलता पर आर्यन विश्वकर्मा ने बताया कि इस मुकाम तक पहुंचने में उनके माता-पिता और गुरुजनों का विशेष योगदान है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय अपने शिक्षकों जय सिंह पाल और आशीष पाल को देते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रेरणा से ही यह संभव हो सका।
इस मौके पर अध्यक्ष अजय गुप्ता, रिंकू विश्वकर्मा, सुनील पटेल, अंकित बाजपेई, अनिल प्रताप यादव, बाबूलाल, अशोक, महेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी उपस्थित रहे और सभी ने आर्यन के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


















