विवाहिता का कमरें में लटकता मिला शव, भाई ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

855

विवाहिता का कमरें में लटकता मिला शव, भाई ने दहेज के लिए हत्या का लगाया आरोप, पुलिस जांच में जुटी

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के नैढीं गांव में शुक्रवार की सुबह विवाहिता गौरी यादव (24 वर्ष) का शव एक कमरे में झूलता हुआ मिला. एक तरफ ससुराल वालों ने जहां इसे आत्महत्या बता रहे है तो दूसरी तरफ मृतिका का मायका पक्ष इसे हत्या करार दे रहे हैं. मायके वालों का कहना है कि दहेज के लिए उनकी बहन की हत्या कर दी गई है. वही घटना की जानकारी होने पर सीओ सकलडीहा रघुराज व थानाध्यक्ष बलुआ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अग्रिम कार्रवाई में जुट गई है. मृतिका के भाई ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दिया है.

जानकारी के अनुसार नैढीं गांव के रहने वाले सुदामा यादव के पुत्र घूरे यादव की शादी सरौली गांव के गौरी यादव पुत्री स्व० सुग्रीव यादव से वर्ष 2022 में हुई थी. मृतिका के कोई बच्चे नही है. गुरुवार की रात मृतिका के पति, ससुर व सास बरामदे में सो रहे थे. वही गौरी अपने कमरे में सोने के लिए चली गई. शुक्रवार की सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो स्थिति को देखकर सन्न रह गए. देखा कि कमरे में कपड़े की रस्सी के सहारे विवाहिता गौरी का शव लटका हुआ है. सूचना पाकर सीओ सकलडीहा रघुराज व थानाध्यक्ष बलुआ अशोक मिश्रा मय टीम मौके पर पहुंचे. वही शव को फंदे से उतरवाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही अग्रिम कार्रवाई में जुट गए. इस मामले को लेकर मृतिका का इकलौता भाई मुलायम यादव ने पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया कि पति, सास व ससुर दहेज देने के बाद भी गाड़ी व रुपये की मांग कर रहे थे. मेरी बहन को घर से बाहर भगाने की धमकी देते थे. इन्होंने दहेज के लिए हत्या कर दी. इस घटना के बाबत थानाध्यक्ष बलुआ अशोक मिश्रा ने बताया कि मृतिका के भाई मुलायम यादव ने तहरीर दिया है. तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.