एसडीएम ने किया सीएचसी का औचक निरीक्षण, प्रभारी समेत आठ चिकित्सक मिले नदारद
चंदौली : धानापुर सीएचसी अस्पताल में तैनात चिकित्सक बेलगाम हो चुके हैं. इन्हें न कार्रवाई का डर है न ही मरीजों की जान की फिक्र. धरती के भगवान का दर्जा पाए डॉक्टरों के रवैये में बदलाव नहीं हुआ है. गर्मी के मौसम में बीमारियां बढ़ रही हैं. फिर भी डॉक्टरों की लापरवाही की आदत में सुधार नहीं है. चिकित्सकों की मनमर्जी मरीजों पर भारी पड़ रही है. लगातार मिल रही शिकायत के बाद मंगलवार को एसडीएम सकलडीहा अनुपम मिश्रा ने सीएचसी धानापुर का औचक निरीक्षण किया. जिसमें स्वास्थ्य विभाग के लचर व्यवस्था की पोल खुल गई. औचक निरीक्षण के दौरान मात्र एक चिकित्सक उपस्थित मिले जबकि अधीक्षक समेत 8 चिकित्सक नदारद रहे. इसके अलावा दो अन्य स्टाफ भी गायब मिले. एसडीएम द्वारा डीएम और सीएमओ को जांच रिपोर्ट भेजी जा रही है.

इस संबंध में उप जिलाधिकारी अनुपम मिश्रा ने बताया कि लगातार धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों के फरार होने की सूचना मिलती रही है. जिसको लेकर जिलाधिकारी के निर्देश पर मंगलवार को धानापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया गया. निरीक्षण के दौरान डॉ रमेश प्रसाद अधीक्षक, डॉ राजेश भारती, डॉ सुभ्रा तायल, डॉ अजय कुमार मिश्रा, डॉ संदीप कुमार, डॉ एके यादव, डॉ कालिका प्रसाद, डॉ श्वेता बरनवाल, डॉ चंद्रभाल, डॉ राजेश भारती, बीपीएम सविता देवी गायब मिले. इस दौरान केवल एक डॉक्टर अमरनाथ कार्यस्थल पर मौजूद रहे. अनुपस्थित रहने वाले सभी स्वास्थ्य कर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर जिलाधिकारी को प्रेषित की जा रही है. साथ ही इन लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.


















