चंदौली में दो स्कूलों की बड़ी लापरवाही उजागर, बिना मान्यता 10वीं तक चल रहीं कक्षाएं, होगी सख्त कार्रवाई

74

चंदौली में दो स्कूलों की बड़ी लापरवाही उजागर, बिना मान्यता 10वीं तक चल रहीं कक्षाएं, होगी सख्त कार्रवाई

चंदौली : जनपद में शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ी अनियमितता सामने आई है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार द्वारा किए गए आकस्मिक निरीक्षण में दो विद्यालयों में बिना मान्यता उच्च कक्षाओं का संचालन करते हुए पकड़ा गया।

मंगलवार को विकास खंड बरहनी क्षेत्र में हुई जांच के दौरान मैरी एजुकेशन एकेडमी, बगही में गंभीर गड़बड़ी सामने आई। विद्यालय को कक्षा 1 से 8 तक की मान्यता प्राप्त है, लेकिन मौके पर कक्षा 9 और 10 की पढ़ाई भी कराई जा रही थी। पूछताछ में प्रबंधक और प्रधानाध्यापक ने बताया कि छात्रों का नामांकन अन्य विद्यालयों में है, जबकि पढ़ाई यहीं कराई जा रही है।

इसी क्रम में ज्ञान दीप एजुकेशन एकेडमी, सोगई रोड सैयदराजा का निरीक्षण किया गया, जहां विद्यालय को केवल कक्षा 1 से 5 तक की मान्यता प्राप्त है। इसके बावजूद यहां कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाएं संचालित पाई गईं। यहां भी प्रबंधन ने नामांकन अन्य विद्यालयों में होने की बात कही, जबकि पढ़ाई इसी परिसर में कराई जा रही थी।

बीएसए सचिन कुमार ने इस अनियमितता को गंभीरता से लेते हुए दोनों विद्यालयों को तत्काल निर्देश दिए हैं कि केवल मान्यता प्राप्त कक्षाओं का ही संचालन किया जाए। साथ ही, दोनों स्कूलों को नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में बिना मान्यता कक्षाएं संचालित होती पाई गईं, तो संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कड़ी विधिक एवं विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासन के इस एक्शन से जनपद में बिना मान्यता चल रहे स्कूलों में हड़कंप मच गया है।