UPI पर शुल्क के प्रस्ताव का कांग्रेस ने किया विरोध, जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन
चंदौली : UPI भुगतान व्यवस्था में प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध जताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपते हुए प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था को वापस लेने की मांग की। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस नेताओं ने कहा कि देश की आम जनता और व्यापारी वर्ग पहले से ही विभिन्न आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। ऐसे में डिजिटल भुगतान व्यवस्था में अतिरिक्त शुल्क लागू किए जाने से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की आशंका है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि UPI भुगतान आज आम नागरिकों से लेकर छोटे-बड़े व्यापारियों तक के लिए लेनदेन का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इसलिए इसे सरल, सुलभ और कम लागत वाली व्यवस्था के रूप में बनाए रखना आवश्यक है।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण आम जनता और व्यापारियों की परेशानियां बढ़ रही हैं। ज्ञापन में प्रस्तावित नए शुल्क ढांचे को लेकर व्यापारिक संगठनों की ओर से व्यक्त की जा रही चिंताओं का भी उल्लेख किया गया। कांग्रेस का कहना है कि डिजिटल भुगतान पर किसी भी प्रकार की अतिरिक्त लागत का प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष असर व्यापारिक गतिविधियों और बाजार पर पड़ सकता है।
जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने कहा कि छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए डिजिटल भुगतान व्यवस्था सुविधाजनक और कम लागत वाली होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाले किसी भी प्रावधान पर सरकार को पुनर्विचार करना चाहिए। कांग्रेस ने राष्ट्रपति के नाम दिए ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था को तत्काल वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के लिए ऐसी नीतियां बनाई जानी चाहिए, जिनसे आम उपभोक्ताओं और व्यापारियों को सुविधा मिले। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति से मांग की कि केंद्र सरकार को इस मामले में आवश्यक निर्देश देते हुए प्रस्तावित शुल्क व्यवस्था पर पुनर्विचार कराया जाए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि व्यापारी हित और आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए UPI भुगतान व्यवस्था को पूर्ववत सरल एवं सुलभ बनाए रखना जरूरी है।
इस दौरान मधु राय, देवेंद्र सिंह मुन्ना, नवीन पाण्डेय, रजनीकांत पाण्डेय, तौफीक खान, राममूरत गुप्ता श्रीकांत पाठक, राकेश सिंह, गौरव मिश्रा सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


















