सेवा संकल्प अभियान में उमड़ा जनसैलाब, योजनाओं से लाभान्वित हुए पात्र लाभार्थी, बबुरी में भव्य कार्यक्रम के साथ रक्तदान शिविर का आयोजन, जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
चंदौली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड बबुरी स्थित शादिया मैरेज लॉन में गुरुवार को भव्य जनकल्याणकारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, स्वीकृति पत्र और टूलकिट आदि वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, त्याग और समर्पण का उदाहरण है। सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है।
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र समेत पूरा जनपद विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को बिना किसी बिचौलिए के पारदर्शी व्यवस्था के तहत उपलब्ध कराया जा रहा है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि जिला प्रशासन शासन की मंशा के अनुरूप सभी जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। अभियान के तहत जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में शिविर लगाकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसे प्राथमिकता दी जा रही है।
रक्तदान कर युवाओं ने दिया सेवा का संदेश
कार्यक्रम के दौरान विशाल रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इसमें स्थानीय युवाओं, जनप्रतिनिधियों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण करने के बाद निर्धारित सुरक्षा मानकों के तहत रक्त संग्रह किया। रक्तदान करने वाले लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। इसी क्रम में जनपद के सभी विकासखंडों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, जनपद स्तरीय अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, लाभार्थी और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।


















