बंद मकानों की रेकी कर रात में ताला तोड़ते थे चोर, आठ गिरफ्तार, चोरी के 3.50 लाख रुपये, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टीवी व गैस सिलेंडर बरामद, चोरी के रुपयों से खरीदी वेन्यू कार भी मिली

41

बंद मकानों की रेकी कर रात में ताला तोड़ते थे चोर, आठ गिरफ्तार, चोरी के 3.50 लाख रुपये, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टीवी व गैस सिलेंडर बरामद, चोरी के रुपयों से खरीदी वेन्यू कार भी मिली

चंदौली : मुगलसराय थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए अंतरजनपदीय गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर करीब 3.50 लाख रुपये नगद, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टीवी, गैस सिलेंडर समेत चोरी में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा और चोरी के रुपयों से खरीदी गई वेन्यू कार बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरोह दिन में बंद मकानों की रेकी करता था और रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देता था।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सदर अनन्त चन्द्रशेखर के पर्यवेक्षण में स्वाट, सर्विलांस और मुगलसराय पुलिस की संयुक्त टीम चोरी की घटनाओं के खुलासे में जुटी थी। इसी क्रम में 16 सितंबर को टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास सफेद रंग की वेन्यू कार और ऑटो रिक्शा के पास कुछ संदिग्ध लोग चोरी के माल के बंटवारे को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आठों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिन में सूने और बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात में मौका देखकर ताला तोड़कर घर में घुसते और नकदी व कीमती सामान चोरी कर लेते थे। चोरी के माल और रुपये आपस में बांट लिए जाते थे। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने मुगलसराय, चंदौली और बलुआ थाना क्षेत्रों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक के खिलाफ एक दर्जन से अधिक चोरी के मुकदमे दर्ज होने की बात भी पुलिस ने बताई है।

जांच में सामने आया कि 25 अगस्त को सिद्धार्थपुरम कॉलोनी में बाबूलाल प्रसाद यादव के घर से करीब पांच लाख रुपये के आभूषण, टीवी, कपड़े और 80 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे। इसके अलावा आरपीएफ कॉलोनी में रेलवे क्वार्टर, इंडियन इंस्टीट्यूट कॉलोनी, न्यू सेंट्रल कॉलोनी और ओल्ड सेंट्रल कॉलोनी में हुई चोरी की घटनाओं में भी पुलिस को इसी गिरोह की संलिप्तता मिली है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशान्त सोनी उर्फ बाबू सेठ, विशाल भारती, रहमान उर्फ आंखी, राजेश सिंह, अनिल गुप्ता, दीपक जायसवाल उर्फ रवीन्द्र कुमार जायसवाल, तुषार वर्मा और लकी जायसवाल के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बरामदगी में प्रमुख रूप से 3.50 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण, लैपटॉप, टीवी, गैस सिलेंडर, मोबाइल फोन, ऑटो रिक्शा और वेन्यू कार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार बरामद वेन्यू कार चोरी के रुपयों से खरीदी गई थी।