बरसात में जलमग्न हो जाती है सराय-सोनहुला की कॉलोनी, संपर्क मार्ग के अभाव में घरों तक पहुंचना मुश्किल

7

बरसात में जलमग्न हो जाती है सराय-सोनहुला की कॉलोनी, संपर्क मार्ग के अभाव में घरों तक पहुंचना मुश्किल

चंदौली : चहनिया कस्बे के समीप सराय-सोनहुला गांव के सीमा क्षेत्र स्थित रिहायशी कॉलोनी में बारिश के बाद जलभराव की समस्या गंभीर हो जाती है। कॉलोनी में पानी भरने से कई घरों के संपर्क मार्ग बंद हो जाते हैं और लोगों को मजबूरी में पानी से होकर आवागमन करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह समस्या पिछले कई वर्षों से बरकरार है। कई बार शासन-प्रशासन से शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

चहनिया-वाया-वाराणसी मुख्य मार्ग से सटी इस रिहायशी कॉलोनी में दर्जनों परिवार रहते हैं। यहां चिकित्सक, शिक्षक, सरकारी चिकित्सक और व्यापारी सहित विभिन्न वर्गों के लोग निवास करते हैं। इसके बावजूद कॉलोनी तक पहुंचने के लिए आज तक उचित संपर्क मार्ग का निर्माण नहीं कराया गया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सोनहुला में कॉलोनी के संपर्क मार्ग से करीब सौ मीटर की दूरी पर स्थित तालाब बरसात के दिनों में पानी से लबालब हो जाता है। तालाब का पानी ओवरफ्लो होकर कॉलोनी में प्रवेश कर जाता है और रास्तों पर कई दिनों तक जलभराव की स्थिति बनी रहती है।

जलभराव के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। आसपास झाड़-झंखाड़ होने के कारण पानी में विषैले जीव-जंतुओं के आने का खतरा भी बना रहता है। इससे लोगों में भय का माहौल रहता है।

कॉलोनी निवासी चिकित्सक डा. अनिल यादव, अध्यापक अमरजीत यादव, गोलू सिंह आदि ने बताया कि कई वर्षों से संपर्क मार्ग निर्माण और जलनिकासी की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कॉलोनी में संपर्क मार्ग का निर्माण कराने तथा जलनिकासी की समुचित व्यवस्था कराकर वर्षों पुरानी समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।