विद्यालय परिसर स्थित दुर्गा मंदिर से पांच-छह घंटे चोरी, दो दिन पहले शिव मंदिर भी बना था निशाना

14

विद्यालय परिसर स्थित दुर्गा मंदिर से पांच-छह घंटे चोरी, दो दिन पहले शिव मंदिर भी बना था निशाना

चंदौली : बलुआ थाना क्षेत्र के महगांव स्थित आदर्श विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में स्थित दुर्गा मंदिर से शुक्रवार की दोपहर चोर करीब तीन-तीन किलो वजनी पांच-छह घंटे चुरा ले गए। घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शनिवार को विद्यालय प्रबंधन ने बलुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

विद्यालय के प्रबंधक मुरारी प्रसाद जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार को दोपहर करीब दो बजे विद्यालय बंद होने के बाद परिसर में सन्नाटा हो गया था। आशंका है कि चोर पहले से ही विद्यालय के आसपास घात लगाए बैठे थे। विद्यालय बंद होने का इंतजार करने के बाद उन्होंने करीब 12 फीट ऊंची दीवार फांदकर परिसर में प्रवेश किया और दुर्गा मंदिर में लगे करीब तीन-तीन किलो वजनी पांच-छह घंटे चोरी कर फरार हो गए।

शनिवार सुबह विद्यालय खुलने पर मंदिर से घंटे गायब मिले। इसके बाद विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें एक संदिग्ध युवक परिसर के आसपास घूमता दिखाई दिया। इसकी सूचना तत्काल डायल 112 पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

ग्रामीणों के अनुसार, इससे दो दिन पहले 30 जुलाई को महगांव गांव स्थित शिव मंदिर से भी घंटा चोरी होने की घटना सामने आई थी। लगातार धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों की तलाश में जुटी है। वहीं विद्यालय प्रबंधन ने शनिवार को बलुआ थाने में तहरीर देकर शीघ्र खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।