25 वर्षों से बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आंदोलन और मतदान बहिष्कार की चेतावनी

14

25 वर्षों से बदहाल सड़क पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, आंदोलन और मतदान बहिष्कार की चेतावनी

चंदौली : चहनियां क्षेत्र के रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ को सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के धानापुर ब्लॉक के दर्जनों गांवों से जोड़ने वाली पीडब्ल्यूडी की बैरांठ–प्रसादपुर मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर शनिवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। बैठक कर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों से सड़क का तत्काल स्थायी और गुणवत्तापूर्ण निर्माण कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्य शुरू नहीं कराया गया तो आंदोलन किया जाएगा। इतना ही नहीं, विधानसभा चुनाव से पहले सड़क नहीं बनने पर मतदान बहिष्कार करने पर भी विचार करने की बात कही गई।

ग्रामीणों ने बताया कि करीब 25 वर्षों से यह सड़क जर्जर अवस्था में है। यही मार्ग सैयदराजा और सकलडीहा विधानसभा क्षेत्रों को भी जोड़ता है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। बावजूद इसके सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं है।

बैठक में बताया गया कि लगभग 3500 की आबादी वाले प्रसादपुर गांव में बिंद बस्ती और दलित बस्ती को जोड़ने वाली करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। लगभग 10 से 12 वर्ष पूर्व बरसाती कटान में करीब 200 मीटर सड़क बह गई थी, लेकिन आज तक उसका स्थायी निर्माण नहीं कराया गया। पिछले वर्ष कराई गई मरम्मत भी एक वर्ष के भीतर ही उखड़ गई।

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क तालाब का रूप ले लेती है, जिससे गांव का मुख्य मार्ग से संपर्क लगभग कट जाता है। इसका सबसे अधिक खामियाजा मरीजों, स्कूली बच्चों, किसानों और रोजाना आवागमन करने वाले लोगों को उठाना पड़ता है। कई बार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से शिकायत के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।

बैठक के अंत में ग्रामीणों ने एक स्वर में सड़क निर्माण की मांग दोहराते हुए कहा कि यदि इस बार भी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने लापरवाही बरती तो व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।

बैठक में चंद्रमा गिरी, आभा यादव, रामराज राय, रोहिणी पाण्डेय, रमेश चंद्र पाण्डेय, डॉ. राजनाथ विश्वकर्मा, गोविन्द विश्वकर्मा, अभय कुमार पीके, छेदी विश्वकर्मा, श्रीप्रकाश पाण्डेय, अनिल विश्वकर्मा, संतोष पाण्डेय, रामसखी विश्वकर्मा, यज्ञदेव पाण्डेय, पारस राम, बाबूलाल बिंद, हीरा बिंद, मनई बिंद, मनोज गोंड सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।