डॉ. विनय प्रकाश तिवारी बने न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी के संरक्षक
चंदौली : पूर्वांचल के फोटोग्राफरों एवं वीडियोग्राफरों के हितों की रक्षा, तकनीकी उन्नयन और व्यावसायिक विकास के लिए वर्ष 2016 से सक्रिय न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी (NBCS) ने प्रसिद्ध उद्योगपति, शिक्षाविद एवं वित्तीय विशेषज्ञ डॉ. विनय प्रकाश तिवारी को संस्था का संरक्षक (पैट्रन) मनोनीत किया है। उनके मनोनयन से संस्था के सदस्यों में उत्साह का माहौल है।
एनबीसीएस पिछले एक दशक से वाराणसी सहित पूर्वांचल के विभिन्न जनपदों के फोटोग्राफरों और वीडियोग्राफरों को एक मंच पर जोड़कर उनके व्यावसायिक विकास, तकनीकी प्रशिक्षण, सामाजिक सहयोग तथा अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था समय-समय पर कार्यशालाओं, तकनीकी प्रशिक्षण शिविरों और जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर इस क्षेत्र से जुड़े लोगों को सशक्त बनाने का कार्य करती रही है।
संस्था के अध्यक्ष रंजन गौर, महामंत्री आदेश श्रीवास्तव, सचिव अजय कुमार पांडेय, कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह तथा सोशल मीडिया प्रभारी प्रिंस सिंह ने डॉ. तिवारी का स्वागत करते हुए कहा कि उनके अनुभव, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक दृष्टिकोण से संस्था को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके संरक्षण में एनबीसीएस फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी समुदाय के हितों के लिए और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करेगी।
संरक्षक बनाए जाने पर डॉ. विनय प्रकाश तिवारी ने संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि फोटोग्राफर और वीडियोग्राफर केवल तस्वीरें नहीं बनाते, बल्कि समाज के इतिहास, संस्कृति, परंपराओं और अनमोल क्षणों को आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे रचनात्मक समुदाय के साथ जुड़ना उनके लिए गौरव की बात है। संस्था के साथ मिलकर तकनीकी उन्नयन, युवा प्रतिभाओं के प्रशिक्षण, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा फोटोग्राफरों एवं वीडियोग्राफरों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने उम्मीद जताई कि डॉ. विनय प्रकाश तिवारी के संरक्षण में न्यू बनारस कैमरा सोसाइटी पूरे पूर्वांचल में फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी क्षेत्र को नई पहचान दिलाने, युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा इस पेशे से जुड़े लोगों के हितों को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।


















