चकिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 17 गोवंश बरामद, चार अंतरजनपदीय पशु तस्कर गिरफ्तार
चंदौली : जनपद में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय पशु तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार शातिर पशु तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 17 गोवंशों को सकुशल बरामद किया। कार्रवाई के दौरान तस्करी में प्रयुक्त चार वाहनों को भी पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी कर तस्करों को दबोच लिया। वाहनों की तलाशी लेने पर उनमें क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंसकर लादे गए कुल 17 गोवंश मिले, जिन्हें तत्काल मुक्त कर सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया।
पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे गोवंशों को मिर्जापुर के रास्ते बिहार होते हुए पश्चिम बंगाल ले जाने की तैयारी में थे। पुलिस का मानना है कि यह एक संगठित अंतरजनपदीय पशु तस्करी गिरोह है, जिसके तार कई जिलों से जुड़े हो सकते हैं।
चकिया पुलिस ने चारों आरोपियों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में पशु तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। चकिया पुलिस की इस कार्रवाई को पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।


















