25 हजार का इनामी लुटेरा दिल्ली से गिरफ्तार, ज्वैलर्स पर जानलेवा हमला कर लूट की वारदात में था वांछित
चंदौली : जनपद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चकिया क्षेत्र में ज्वैलरी दुकान पर जानलेवा हमला कर लूट की सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहन पाण्डेय पुत्र अरविंद पाण्डेय, निवासी ग्राम गुरेनी, थाना धानापुर, जनपद चंदौली के रूप में हुई है। आरोपी चकिया कोतवाली में दर्ज ज्वैलर्स पर जानलेवा हमला और लूट के मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सर्विलांस, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मैनुअल इनपुट के आधार पर आरोपी की लगातार निगरानी की। सटीक सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दिल्ली में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है और उसके अन्य साथियों व आपराधिक नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस कार्रवाई को चंदौली पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।


















