उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें किसान : जिला कृषि अधिकारी

35

उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता, अफवाहों से बचें किसान : जिला कृषि अधिकारी

चंदौली : खरीफ सीजन के दौरान किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। जनपद में सभी प्रमुख उर्वरकों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आगामी दिनों में अतिरिक्त खेप भी पहुंचने वाली है। यह जानकारी जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने देते हुए किसानों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026-27 के खरीफ सीजन में जनपद में 1.22 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में खरीफ फसलों तथा 1.05 लाख हेक्टेयर में धान की खेती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। किसानों की जरूरतों को देखते हुए उर्वरकों की समुचित व्यवस्था पहले से सुनिश्चित कर ली गई है।

जिला कृषि अधिकारी के अनुसार वर्तमान में जनपद में 17,660 मीट्रिक टन यूरिया, 5,602 मीट्रिक टन डीएपी, 13,962 मीट्रिक टन एसएसपी, 427 मीट्रिक टन एमओपी तथा 4,258 मीट्रिक टन एनपीके उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त एक सप्ताह के भीतर लगभग 4,200 मीट्रिक टन यूरिया और 300 मीट्रिक टन डीएपी की नई खेप भी जनपद में पहुंच जाएगी। वहीं इफको की 1,600 मीट्रिक टन डीएपी की रैक प्राप्त हो चुकी है, जिसमें से 660 मीट्रिक टन विभिन्न सहकारी समितियों को भेजी जा चुकी है।

उन्होंने किसानों से अपील की कि वे खतौनी के आधार पर पॉस मशीन पर अंगूठा लगाकर निर्धारित सरकारी दर पर ही उर्वरक खरीदें। साथ ही उर्वरक विक्रेताओं को निर्देशित किया गया है कि किसानों को किसी भी प्रकार के अनावश्यक उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य न करें तथा निर्धारित मूल्य पर ही खाद उपलब्ध कराएं। यदि किसी विक्रेता द्वारा अनियमितता या मनमानी की जाती है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसान उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें। यदि किसी किसान को उर्वरक संबंधी कोई समस्या या शिकायत हो तो वह कार्यालय समय में 7839882312 एवं 8318181081 पर संपर्क कर सकता है। प्रशासन किसानों को समय पर पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।