सीडीओ आर. जगत साँई एक्शन मोड में, विकास कार्यों का औचक निरीक्षण, आवास निर्माण में तेजी और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के दिए सख्त निर्देश

32

सीडीओ आर. जगत साँई एक्शन मोड में, विकास कार्यों का औचक निरीक्षण, आवास निर्माण में तेजी और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने के दिए सख्त निर्देश

चंदौली : जनपद में विकास कार्यों को गति देने तथा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर. जगत साँई पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दिए। मंगलवार को उन्होंने जनपद के विभिन्न विकास खंडों का औचक निरीक्षण कर विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

दौरे के प्रथम चरण में सीडीओ ने विकास खंड नौगढ़ की ग्राम पंचायत मझगावा का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान परियोजना निदेशक (डीआरडीए), उपायुक्त श्रम रोजगार, खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान पात्र गरीब परिवारों को आवास निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराई गई। सीडीओ ने बीडीओ नौगढ़ को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री आवास योजना से संबंधित सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूर्ण कराते हुए निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, ताकि पात्र परिवारों को जल्द से जल्द पक्का आवास उपलब्ध कराया जा सके।

इसके बाद सीडीओ विकास खंड चकिया के ग्राम पंचायत शिकारगंज स्थित भोखा बंधी पहुंचे, जहां उन्होंने सिंचाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। मौके पर बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता, जूनियर इंजीनियर श्री प्रकाश तथा स्थानीय किसान मौजूद रहे। सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए बंधी से शीघ्र पानी छोड़ा जाए, जिससे खेतों की समय पर सिंचाई हो सके। उन्होंने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और उनकी सिंचाई संबंधी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए।

दौरे के अंतिम चरण में सीडीओ शहाबगंज पहुंचे, जहां नहर में पानी का जलस्तर बढ़ाने की मांग को लेकर किसान धरने पर बैठे थे। उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और मौके से ही संबंधित विभाग के उच्चाधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों की शिकायतों का निस्तारण करने और सिंचाई व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए।

सीडीओ आर. जगत साँई ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का लाभ दिलाना और किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को जनहित के कार्यों में पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करने की हिदायत दी।