भारी वाहनों की आवाजाही से फटी नगर पंचायत की पाइप लाइन, पांच दिनों से लाखों लीटर पानी बर्बाद, स्थानीय लोगों ने की कार्रवाई की मांग
चंदौली : चकिया नगर क्षेत्र के दिरेहु मोड़ पर भारी वाहनों के लगातार आवागमन से नगर पंचायत की पेयजल आपूर्ति पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई है। पाइप फटने के कारण पिछले पांच दिनों से लाखों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है, जिससे क्षेत्र के सैकड़ों घरों में पानी का संकट गहरा गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल मरम्मत कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों एवं स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि रोक के बावजूद दिरेहु गांव स्थित सिनेमा हॉल के आसपास अवैध रूप से बालू और गिट्टी की डंपिंग की जा रही है। इसी कारण दिन-रात भारी ट्रक और डंपर क्षेत्र में बेरोकटोक आवाजाही कर रहे हैं। लगातार बढ़ते दबाव से दिरेहु मोड़ की पुलिया कई बार क्षतिग्रस्त हो चुकी है और अब नगर पंचायत की पेयजल पाइप लाइन भी फट गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने के बावजूद अब तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है, जिससे बड़ी मात्रा में पेयजल बर्बाद हो रहा है और वार्ड के लोगों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समस्या के समाधान की ओर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस और प्रशासन से अवैध डंपिंग पर रोक लगाने, भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने तथा दोषी दुकानदारों और कारोबारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
इस दौरान अवध मौर्य, हौसला सैनी, आशीष मौर्य, राम सिंह, दीपु तिवारी, मोहन तिवारी, राम विलास सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


















