किसान दिवस में डीएम का सख्त संदेश, टेल तक पहुंचे नहर का पानी, खाद-बिजली की कमी बर्दाश्त नहीं

28

किसान दिवस में डीएम का सख्त संदेश, टेल तक पहुंचे नहर का पानी, खाद-बिजली की कमी बर्दाश्त नहीं

चंदौली : धान रोपाई के मौजूदा सीजन में किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे लेकर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक किसान दिवस में अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सिंचाई, बिजली और खाद की उपलब्धता में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी मौके पर पहुंचकर किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

बैठक में प्रगतिशील किसानों और भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने नहरों के टेल तक पानी न पहुंचने, हेड पर पानी रोके जाने, बंधियों पर अतिक्रमण एवं मत्स्य पालन, ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज, उर्वरकों की उपलब्धता, विन्ध्य एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि अधिग्रहण का उचित मुआवजा, गंदा नाला की सफाई सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।

समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को निर्देशित किया कि धान रोपाई के दौरान सभी नहरों के अंतिम छोर तक निर्बाध जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही विद्युत विभाग को कृषि फीडरों पर निर्धारित रोस्टर के अनुसार बिजली आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसानों के नलकूपों का संचालन प्रभावित न हो।

उन्होंने कृषि विभाग को समितियों एवं निजी दुकानों पर यूरिया और डीएपी सहित सभी उर्वरकों की उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। वहीं किसान दिवस में प्राप्त बिजली बिल संशोधन, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) तथा राजस्व संबंधी मामलों का निस्तारण एक सप्ताह के भीतर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह बनाया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं और धान की फसल उनके पूरे वर्ष की आजीविका का आधार है। इसलिए खाद, पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी किसी भी किसान को नहीं झेलनी पड़ेगी। उन्होंने सिंचाई विभाग को नहरों में पानी की उपलब्धता की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा कटिंग और बांधने जैसी घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही गंदा नाला की सफाई, नरौली, महुजी एवं गुरैनी पंप कैनाल के पत्थर पिचिंग कार्यों का सत्यापन कराने के भी निर्देश दिए।

बैठक में जिला उद्यान अधिकारी ने किसानों को जानकारी दी कि मखाना का बीज अनुदान पर उपलब्ध है तथा सिंघाड़े का बीज भी शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) रतन वर्मा, उप कृषि निदेशक भीमसेन, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, जिला उद्यान अधिकारी शैलेंद्र दुबे, सिंचाई एवं विद्युत विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।