सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर चकिया में हुआ लाइव प्रसारण, 100 से अधिक किसानों ने लिया भाग

127

सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूर्ण होने पर चकिया में हुआ लाइव प्रसारण, 100 से अधिक किसानों ने लिया भाग

चंदौली : सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के स्थापना के पाँच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पीएमकेएसके-केबीएसके, चकिया परिसर में कराया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के 100 से अधिक प्रगतिशील किसानों, सहकारी बंधुओं एवं जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

लाइव प्रसारण के दौरान सहकारिता के माध्यम से किसानों की आर्थिक समृद्धि, ग्रामीण विकास तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहकारिता की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला गया। भारत मंडपम से प्रसारित संबोधनों को उपस्थित किसानों ने गंभीरता से सुना और सहकारिता से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को दोहराते हुए किसानों से सहकारी संस्थाओं एवं सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सहकारिता आंदोलन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों एवं सहकारी बंधुओं ने सहकारिता मंत्रालय की पाँच वर्षों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, नगर पालिका परिषद चकिया के चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता विपिन सिंह, अपर जिला सहकारी अधिकारी (एडीसीओ) अरुण सिंह, क्रय-विक्रय सहकारी समिति चकिया के अध्यक्ष राजीव पाठक, वरिष्ठ समाजसेवी विजय नन्द द्विवेदी तथा कृभको के वरिष्ठ क्षेत्र अधिकारी आदर्श कुमार सिंह सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान उपस्थित रहे।